बरेली। थाना सीबीगंज पुलिस ने सट्टा खाई-बाड़ी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से पर्चा सट्टा लगाकर जुआ खेल रहे दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से सट्टा गत्ता कॉपी, नकद 9300 रुपये सहित अन्य सामान बरामद किया है। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार चतुर्वेदी के निर्देशन में दिनांक 19 जनवरी की रात्रि करीब 22:45 बजे उपनिरीक्षक सोमपाल सिंह, कांस्टेबल अंतरिक्ष चौधरी एवं कांस्टेबल सुधीर कुमार मुखबिर की सूचना पर ग्राम बादशाहनगर (इतवारी दुकान के पास) पहुंचे। वहां दो व्यक्ति सट्टा खेलते पाए गए, जिनमें से एक सट्टा बोल रहा था और दूसरा गत्ता कॉपी में लिखावट कर रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान ओमप्रकाश एवं दुर्गाप्रसाद निवासी ग्राम बादशाहनगर के रूप में हुई है। ओमप्रकाश के विरुद्ध पूर्व में भी सट्टा एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने थाना सीबीगंज में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।