बरेली। थाना इज्जतनगर क्षेत्र के वसंत विहार स्थित एक मकान में प्रत्यक्षदर्शियों और पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस ने छापा मारकर कई आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद की हैं। कार्रवाई दरोगा जावेद अली के नेतृत्व में महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में की गई। बताया गया कि मकान के तीन–चार कमरों में अलग-अलग छह लकड़ी के तख्त और फोल्डिंग बेड पाए गए। गद्दों के नीचे से आपत्तिजनक वस्तुएं और कंडोम बरामद हुए। वहीं, किचन में थैली के भीतर आटा और कुछ खाने-पीने का सामान भी मिला। पड़ोसियों के अनुसार, सबसे पहले 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी गई, इसके बाद थाना पुलिस को भी अवगत कराया गया। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही एक ग्राहक के भागने का प्रयास करने की बात सामने आई, जिसे मौजूद भीड़ ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, करीब दो घंटे बाद पुलिस ने यह कहते हुए स्थिति को हल्का बताने का प्रयास किया कि मौके पर मिले लोग पति-पत्नी हैं। जबकि पूछताछ में उन्होंने बताया कि उनका घर पास के ही मोहल्ले में है। पुलिस पूछताछ में एक महिला ने स्वयं को बंगाली समाज से बताते हुए कहा कि वह यहां खाना बनाने आती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मकान में किसी प्रकार के पारिवारिक सदस्य या बच्चे नहीं रहते हैं, जिससे संदेह और गहरा गया है। मामला संदिग्ध पाए जाने के बावजूद थाना पुलिस द्वारा हल्की धाराओं में ही कार्रवाई कर थाने से जमानत देने की बात कही जा रही है। वहीं, मकान मालिक को फोन कर बुलाया गया, लेकिन बताया गया कि वह शहर से बाहर हैं। इस पूरी कार्रवाई के बाद पुलिस की भूमिका और निष्पक्ष जांच को लेकर क्षेत्रीय लोगों में सवाल उठने लगे हैं।