बरेली। थाना प्रेमनगर पुलिस ने अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अभियुक्त को 315 बोर के तमंचे व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार दिनांक 19 जनवरी को उप निरीक्षक सुधीर कुमार पुलिस टीम के साथ रात्रि गश्त व संदिग्ध व्यक्ति , वाहन चेकिंग में मामूर थे। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर पुलिस ने प्रातः करीब 4:30 बजे एमबी इंटर कॉलेज ग्राउंड से अभियुक्त मुस्तकीम पुत्र मुस्तफा, निवासी महेशपुरा थाना सीबीगंज, हाल निवासी हजियापुर राकेश के मकान थाना बारादरी, जिला बरेली को गिरफ्तार किया। अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर व एक कारतूस बरामद किया गया। थाना प्रेमनगर पर अभियुक्त के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह अपनी सुरक्षा के लिए तमंचा अपने पास रखता था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसमें शाहजहांपुर व बरेली जनपद में धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट और शस्त्र अधिनियम से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र कुमार, उप निरीक्षक सुधीर कुमार, उप निरीक्षक प्रमोद कुमार एवं हेड कांस्टेबल बबरेश शामिल रहे।