चुनाव की घोषणा होते ही गायब हो जाएगा भाजपा का बुलडोजर, 2027 में जनता देगी करारा जवाब: अखिलेश यादव
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि चुनाव की घोषणा होते ही भाजपा का बुलडोजर कहीं नजर नहीं आएगा। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी और उसे “डिटेंशन सेंटर” भेजने का काम करेगी।
बृहस्पतिवार को सपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को पूरी तरह नाकाम बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के शासन में प्रदेश में अन्याय, अधर्म और अत्याचार बढ़ा है। स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है, जिससे पूरी व्यवस्था चरमरा गई है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नफरत की राजनीति करती है और जैसे-जैसे कमजोर होती जाती है, उतनी ही ज्यादा साम्प्रदायिक हो जाती है। उन्होंने भाजपा नेताओं को “आरोपजीवी” बताते हुए कहा कि उनका काम केवल समाजवादी पार्टी पर बेबुनियाद आरोप लगाना रह गया है। भाजपा को पूंजीवादी पार्टी करार देते हुए उन्होंने कहा कि यह पार्टी केवल पूंजीपतियों के मुनाफे के लिए काम करती है और आम जनता से इसका कोई सरोकार नहीं है।
उन्होंने दावा किया कि सपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में बड़े पैमाने पर विकास कार्य हुए थे। 2027 में सरकार बनने पर किसानों, युवाओं, गरीबों और महिलाओं के हित में ठोस कदम उठाए जाएंगे। शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा, गरीबों को मुफ्त इलाज मिलेगा और महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में सपा सरकार बनाने में महिलाओं की निर्णायक भूमिका होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि मतदाता सूची में हर पात्र मतदाता का नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6 भरवाएं और 6 फरवरी से पहले नए एवं छूटे मतदाताओं के नाम जोड़ने का अभियान तेज करें।













































































