बरेली। भगवान परशुराम धाम पर भगवान परशुराम सेवा ट्रस्ट द्वारा गुरुवार को भव्य खिचड़ी सहभोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान भोलेनाथ के रुद्राभिषेक और भगवान परशुराम के श्रृंगार के साथ हुआ। इसमें ग्वालियर हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल मिश्रा की विशेष उपस्थिति रही। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पिछले कई दशकों से जाति के नाम पर समाज के एक वर्ग के साथ अन्याय होता रहा है। उन्होंने एससी-एसटी एक्ट के दुरुपयोग पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे समाज में विभाजन बढ़ रहा है। उन्होंने सभी वर्गों से एकजुट होकर अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में लखनऊ, बदायूं, रामपुर, मुरादाबाद सहित कई जिलों से समाजसेवी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे। भगवान परशुराम सेवा ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष सुरेन्द्र पाण्डेय सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। महापौर डॉ. उमेश गौतम द्वारा कंबल वितरण भी किया गया।