बरेली। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर नगर स्थित साई मंदिर परिसर में श्रद्धा और उल्लास के साथ खिचड़ी भोज का आयोजन किया गया। आयोजन में माधवराव सिंधिया पब्लिक स्कूल के प्रबंधक डॉ सौरभ कुमार अग्रवाल का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने साईं बाबा के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद स्वरूप खिचड़ी भोज का वितरण किया गया। खिचड़ी भोज में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने सहभागिता की। आयोजन के दौरान भक्तों में आपसी भाईचारे और सेवा भाव की झलक देखने को मिली। मंदिर में मकर संक्रांति के अवसर पर खिचड़ी भोज का आयोजन हर वर्ष किया जाता है, जिसका उद्देश्य धार्मिक परंपराओं को बनाए रखना और जरूरतमंदों तक प्रसाद पहुंचाना है।