बरेली। गंगा समग्र ब्रजप्रांत बरेली की कार्यकारिणी के विस्तार को लेकर एक आवश्यक बैठक जोगी नवादा स्थित हर्ष भारद्वाज के आवास पर संपन्न हुई। बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह प्रांत कार्यवाह राजपाल का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। गंगा समग्र प्रांत संयोजक डॉ. रविशरण सिंह चौहान द्वारा संगठन के विस्तार की घोषणा करते हुए महानगर संयोजक ठाकुर अखिलेश सिंह के अनुमोदन पर हर्ष भारद्वाज को जिला संयोजक गंगा समग्र युवा वाहिनी बनाया गया। इसके साथ ही डॉ. रामनारायण सक्सेना को बरेली महानगर का सह संयोजक, चेतेन्द्र पाल सिंह राज को वृक्षारोपण आयाम प्रमुख महानगर बरेली, विजय पाल प्रजापति को शिक्षण आयाम प्रमुख बरेली जिला, राधा रानी शर्मा को घाट आयाम प्रमुख महानगर बरेली, योगेश गंगवार को वार्ड 17 हरूनगला का वार्ड संयोजक, शशांक वर्मा को वार्ड 65 सुरेशर्मा नगर का वार्ड संयोजक तथा मालती शर्मा को गंगा सेविका सदस्य नियुक्त किया गया। इस अवसर पर सह प्रांत कार्यवाह राजपाल ने कहा कि गंगा समग्र देशभर में नदियों, तालाबों और पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने जल संरक्षण पर जोर देते हुए “जल है तो कल है” का संदेश दिया और प्रत्येक वार्ड में अधिक से अधिक हिंदू परिवारों को सम्मेलनों से जोड़ने का आह्वान किया। प्रांत संयोजक डॉ. रविशरण सिंह चौहान ने सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों को पटका पहनाकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। बैठक का समापन महानगर संयोजक ठाकुर अखिलेश सिंह द्वारा धन्यवाद ज्ञापन और कल्याण मंत्र के साथ किया गया।