बरेली। थाना क्योलड़िया पुलिस ने हत्या के मुकदमा में वांछित चल रहे अभियुक्त अशोक कुमार को चेकिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है। घटना 10 जनवरी की है, जब पीलीभीत जनपद के बरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम आमडार निवासी सुनील कुमार ने थाना क्योलड़िया में तहरीर दी कि उसके बहनोई अशोक कुमार निवासी ग्राम असुआ, थाना क्योलड़िया, बरेली ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी है। इस सूचना पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के दौरान आरोपी को परशुरामपुर मोड़ से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को मामले की जानकारी दी गई और आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। इस सफलता में थाना क्योलड़िया के प्रभारी निरीक्षक वेद सिंह के नेतृत्व में कांस्टेबल सुमित यादव एवं कांस्टेबल लोकेन्द्र कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना आगे जारी है और अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।