सैदपुर। स्वामी विवेकानंद की जयंती जिसे विद्यार्थी परिषद राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाती है। इस मौके पर नगर इकाई सैदपुर के कार्यकर्ताओं ने नगर कार्यालय पर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के समक्ष कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्वलित कर उन्हें अपनी पुष्पांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद को याद करते हुए प्रदेश मीडिया सह संयोजक आशीष देव मिश्रा ने स्वामी विवेकानंद के जीवन और उनके संघर्षों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वामी जी के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने उनके समय में थे। उन्होंने दुनिया को भारत की आध्यात्मिक शक्ति से परिचित कराया और युवाओं को उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको’ का मंत्र देकर नई चेतना जगाई। आशीष देव ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे स्वामी जी के राष्ट्रवाद और सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं। इस मौके पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शशांक शर्मा, तहसील संयोजक निशांत शर्मा, विक्की मौर्य, राजीव शर्मा और अमित यादव सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने स्वामी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर देश की उन्नति में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की शपथ ली।