बरेली। कांग्रेस पार्टी ने राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के जन्मदिन के अवसर पर बरेली में उत्साहपूर्ण कार्यक्रम आयोजित कर आगामी चुनावी वर्ष को देखते हुए 100 दिनों की कार्ययोजना घोषित की। इसे कांग्रेस के चुनावी शंखनाद की शुरुआत बताया गया। प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम प्रकाश ने कहा कि राहुल गांधी लगातार संविधान की रक्षा और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 24 जनवरी से सीतापुर से “संविधान संवाद महापंचायतों” की शुरुआत होगी, जो लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, सहारनपुर, प्रतापगढ़ सहित पूरे प्रदेश में होंगी। जिला अध्यक्ष असफाक सक्लेनी ने “मनरेगा बचाओ अभियान” की घोषणा करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर न्यूनतम मजदूरी 400 रुपये की जाएगी। महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा ने बताया कि एसआईआर की निगरानी के लिए मॉनिटरिंग कमेटी गठित की गई है। प्रवक्ता के.बी. त्रिपाठी ने बताया कि अंत में लखनऊ में विशाल महारैली होगी। कार्यक्रम का संचालन पंडित राज शर्मा ने किया।