बदायूँ। गिन्दो देवी महिला महाविद्यालय में एनएसएस, एनसीसी एवं रेंजर्स समिति के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत राहवीर योजना पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे के समक्ष पुष्प अर्पित करके किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को सड़क दुर्घटनाओं के समय पीड़ितों की सहायता के प्रति जागरूक करना तथा सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सरला चक्रवर्ती ने कहा कि राहवीर योजना मानवता और संवेदनशीलता को बढ़ावा देने वाली एक सराहनीय पहल है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे सड़क दुर्घटना की स्थिति में बिना भय के घायल व्यक्ति की सहायता करें तथा समाज में एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करें। उन्होंने यह भी कहा कि जागरूक नागरिक ही सुरक्षित समाज की आधारशिला होते हैं।कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को राहवीर योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय पर सहायता कर उसकी जान बचाने वाले नागरिकों को सरकार द्वारा सम्मान एवं प्रोत्साहन प्रदान किया जाता है। साथ ही सड़क सुरक्षा नियमों के पालन पर विशेष बल दिया गया।अंत में छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा दुर्घटना की स्थिति में निस्वार्थ भाव से सहायता करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में महाविद्यालय की शिक्षिकाओं, स्वयंसेविकाओं एवं बड़ी संख्या में छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही। आखिर में शिक्षिकाओं और छात्राओं ने सड़क सुरक्षा की शपथ ली।कार्यक्रम का सफल संचालन एनएनएस प्रभारी अवनिशा वर्मा द्वारा किया गया।