बरेली । बालिकाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही बरेली पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना क्योलड़िया क्षेत्र में किशोरी के अपहरण और अवैध धर्म परिवर्तन के प्रयास के मामले में वांछित चल रहे मुख्य अभियुक्त रेहान को पुलिस ने 8 जनवरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार 5 जनवरी 2026 को पीड़िता के पिता ने थाने में तहरीर दी थी कि उनकी 17 वर्षीय पुत्री को रेहान पुत्र फिदा हुसैन अपने भाई रिजवान और बब्बू की मदद से बहला-फुसलाकर ले गया है। इस पर थाना क्योलड़िया में मुकदमा दर्ज किया गया था। बाद में किशोरी की सकुशल बरामदगी और उसके बयानों के आधार पर बीएनएस की धारा में आरोपी के विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धारा तथा पॉक्सो एक्ट की धारा को मामले में जोड़ा गया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने किशोरी को प्रेमजाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया और उसे अजमेर शरीफ ले जाने की योजना बनाई थी। ट्रेन में चेकिंग के दौरान जीआरपी ने किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गया था। इसके बाद लगातार निगरानी और छापेमारी करते हुए पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर डैम चौराहे से रेहान को गिरफ्तार कर लिया। 21 वर्षीय रेहान कस्बा क्योलड़िया का रहने वाला है और जयपुर में प्लंबर का काम करता था। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक वेद सिंह, उप निरीक्षक देशराज सिंह, अरिमर्दन सिंह सहित पूरी पुलिस टीम शामिल रही।