बरेली। थाना मीरगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन चेकिंग के दौरान चोरी का माल ले जा रहे पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से बिजली के पोल में इस्तेमाल होने वाले 40 सिल्वर फ्रेम, एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक टेम्पू और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार 7 और 8 जनवरी की रात नथपुरा रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक टेम्पू को रोका गया, जिसकी तलाशी में चोरी के सिल्वर फ्रेम और अवैध हथियार बरामद हुए। इस पर थाना मीरगंज में मुकदमा दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एवरन सिंह, मुनीष कुमार, राजीव, धनपाल और शाने आलम के रूप में हुई है। पूछताछ में मुख्य अभियुक्त एवरन सिंह ने बताया कि सिल्वर फ्रेम थाना सिरौली क्षेत्र से चोरी किए गए थे और उन्हें शाने आलम को बेचने ले जाया जा रहा था। शाने आलम ने स्वीकार किया कि वह चोरी का माल आगे मुरादाबाद के अनवार नामक व्यक्ति को बेच देता था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि एवरन सिंह के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बरामद टेम्पू धनपाल के पिता के नाम पर पंजीकृत पाया गया है। इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर, उप निरीक्षक सूरजपाल, पंकज कुमार, अरुण कुमार सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अब इस चोरी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।