बरेली। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक गुरुवार को बरेली पहुंचे, जहां उन्होंने पीरबहोडा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। बृजेश पाठक ने कहा कि सपा के नेता जानते हैं कि अब वे सत्ता में वापस नहीं आने वाले हैं, इसलिए जनता को भड़काने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सबकी बात करने का दावा तो करती है, लेकिन असल में वह एक ही परिवार की पार्टी है। “सपा से पूछिए कि वह आखिर किन लोगों को अपने साथ लेकर चलती है,” उन्होंने तंज कसा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सपा की चाहत है कि प्रदेश में एक बार फिर माफिया राज लौट आए, क्योंकि जब-जब सपा सत्ता में रही, प्रदेश में गुंडों और माफियाओं का बोलबाला रहा। इसके विपरीत आज उत्तर प्रदेश निवेश के लिए आगे बढ़ रहा है और सड़कों, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के मामले में राज्य मजबूत हुआ है। भाजपा ने जनता का भरोसा जीता है। अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वे दूसरे के नाम का सहारा लेकर चुनाव की “पैकड़ी पार” करना चाहते हैं। एसआईआर को लेकर उठ रहे सवालों पर पाठक ने कहा कि इसमें कोई गड़बड़ी नहीं है और संभावित हार को देखते हुए अखिलेश यादव केवल फेस सेविंग के लिए ऐसे बयान दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि 2027 में प्रदेश की जनता सपा को वैसे ही नकार देगी, जैसे बिहार में राजद को नकारा गया। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने बताया कि प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी दूर करने के लिए सरकार उन्हें स्वेच्छा से सरकारी संस्थानों से जुड़ने पर 5 लाख रुपये तक वेतन देगी।