बरेली। थाना देवरनिया क्षेत्र के गांव इटौआ निवासी पप्पू (55) और उनके दो बेटे विशाल व विवेक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। तीनों मोटरसाइकिल से मजदूरी के लिए किच्छा जा रहे थे, तभी नैनीताल हाइवे के थाना बहेड़ी क्षेत्र के गांव गुडवारा और हसनपुर के बीच पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही गांव इटौआ में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों के अनुसार पप्पू अपने दोनों बेटों के साथ रोज की तरह मजदूरी करने निकले थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनकी आखिरी यात्रा होगी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया है, हालांकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच की जा रही है।