बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने थाना सीबीगंज क्षेत्र के ग्राम नदौसी, रामपुर रोड स्थित एक बड़े अवैध निर्माण पर सख्त कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। यह निर्माण अल्पित अग्रवाल पुत्र अशोक अग्रवाल द्वारा लगभग 1520 वर्गमीटर क्षेत्र में भूतल एवं प्रथम तल पर बड़े-बड़े हॉल और शोरूम के रूप में कराया गया था, जो बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्मित पाया गया। प्राधिकरण को सूचना मिलने पर उप्र नगर योजना एवं विकास अधिनियम 1973 की सुसंगत धाराओं के तहत विशेष कार्याधिकारी अजीत कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। इस दौरान सहायक अभियंता धर्मवीर सिंह, अवर अभियंता संदीप कुमार, सीताराम, अजीत कुमार साहनी तथा प्रवर्तन टीम मौजूद रही। मौके पर पूरे अवैध निर्माण को सील कर दिया गया। बरेली विकास प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि विकास क्षेत्र में बिना स्वीकृति कराए गए किसी भी प्रकार के निर्माण के विरुद्ध ध्वस्तीकरण एवं सीलबंदी की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी और किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। साथ ही प्राधिकरण ने आम नागरिकों से अपील की है कि संपत्ति खरीदते समय विक्रेता से मानचित्र स्वीकृति के दस्तावेज अवश्य जांच लें, ताकि भविष्य में कानूनी परेशानी से बचा जा सके।