होपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन एवं राजकीय महिला महाविद्यालय का जन-जागरूकता कार्यक्रम हुआ
बदायूँ। ग्राम सलारपुर में होपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन एवं राजकीय महिला महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में महिला सशक्तिकरण पर आधारित जन-जागरूकता कार्यक्रम हुआ।
ग्राम सालारपुर में महिला सशक्तिकरण पर केंद्रित एक व्यापक, प्रभावशाली एवं जन-हितकारी जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता, सुरक्षा, अधिकारों तथा केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान संस्था की निदेशक डॉ. कृष्णा सिंह ने महिलाओं को मासिक धर्म से संबंधित वैज्ञानिक, सुरक्षित एवं स्वास्थ्यवर्धक व्यवहार, स्वच्छता के महत्व तथा इससे जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों के निराकरण पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने मासिक धर्म के समय सेनेटरी पैड के सुरक्षित उपयोग एवं उचित निस्तारण पर विशेष बल देते हुए महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग से पधारीं प्रीति चौहान ने बालिकाओं एवं महिलाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न महिला एवं बालिका कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा बालिकाओं की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन एवं आपातकालीन सहायता नंबरों की जानकारी भी साझा की।
कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय महिला महाविद्यालय, बदायूं से आमंत्रित डॉ. ऋषभ शर्मा जी ने भारत विकास की अवधारणा के अंतर्गत महिलाओं की सामाजिक, शैक्षणिक एवं राष्ट्रीय विकास में महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उन्हें जागरूक किया। वहीं डॉ. सरिता गौतम ने महिलाओं, बालिकाओं एवं बालकों को व्यक्तिगत स्वच्छता, पर्यावरणीय स्वच्छता तथा स्वास्थ्य संरक्षण से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम के अंतर्गत संस्था संस्था की डायरेक्टर डॉ कृष्ण सिंह और वॉलिंटियर रिया ज्योति सागर, संस्था की जिला कोऑर्डिनेटर कुसुम लता, सरिता एवं एनएसएस की छात्राओं द्वारा ग्राम में घर-घर जाकर महिलाओं को स्वच्छता, मासिक स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी आदतों के प्रति जागरूक किया गया, जिससे कार्यक्रम का प्रभाव केवल आयोजन स्थल तक सीमित न रहकर पूरे ग्राम स्तर तक पहुँचा।
कार्यक्रम के दौरान होप यूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा उपस्थित समस्त बालिकाओं एवं महिलाओं को सेनेटरी पैड (एड) का वितरण किया गया, ताकि वे मासिक स्वच्छता को अपनाने हेतु प्रोत्साहित हों और स्वस्थ जीवनशैली की ओर अग्रसर हो सकें। साथ ही ग्राम में उपस्थित वृद्ध महिलाओं को फूलमाला पहनाकर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में राजकीय महिला महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की समस्त छात्राओं, संस्था की सक्रिय वॉलंटियर रिया, तथा संस्था सदस्य योगेश कुमार सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
यह जन-जागरूकता कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं के स्वास्थ्य, सम्मान, स्वच्छता एवं सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावशाली, सराहनीय एवं अनुकरणीय पहल सिद्ध हुआ।













































































