बरेली। रंगालय एकेडमी ऑफ आर्ट एंड कल्चर सोसाइटी के तत्वावधान में श्री हरि मंदिर, मॉडल टाउन में चल रहे 16वें बरेली रंग महोत्सव “बरंगम–2026” के दूसरे दिन शादाब खान द्वारा लिखित नाटक ‘कहानी का मरकज़ी किरदार’ का प्रभावशाली मंचन किया गया। नाटक ने दर्शकों को कल्पना और हकीकत के बीच झूलते एक लेखक की मनोस्थिति से रूबरू कराया। कहानी का मुख्य पात्र अरमान एक तन्हाई पसंद लेखक है, जो एक ऐसी कहानी लिख रहा है जिसका अंत वह जानता है, लेकिन उसे कागज़ पर उतारने का साहस नहीं जुटा पाता। उसकी लिखी कहानी के किरदार, खासकर खूनी परिंदा, उसके ज़ेहन में जीवंत हो उठते हैं और उसे यकीन दिलाते हैं कि यह सब केवल कल्पना नहीं, बल्कि सच्चाई है। इसी मानसिक उथल-पुथल में अरमान की हालत बिगड़ती जाती है। अरमान आयत से बेपनाह मोहब्बत करता है, पर सामाजिक हालातों के चलते उसकी शादी सुल्तान मिर्ज़ा से हो जाती है। प्रेम धीरे-धीरे शक और जुनून में बदल जाता है और अंततः अरमान आयत की हत्या कर देता है। अंत में सुल्तान मिर्ज़ा सबूतों के साथ उसे दो विकल्प देता है, जिसके साथ नाटक रहस्यपूर्ण ढंग से समाप्त होता है। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. विनोद पागरानी, रवि छाबड़ा और सुभाष कथूरिया ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया, जबकि कार्यक्रम का संयोजन शैलेन्द्र कुमार ने किया।