बरेली। थाना इज्जतनगर क्षेत्र के रामलीला गौटिया निवासी इन्द्रजीत पुत्र प्यारे लाल ने अपनी पैतृक भूमि पर अवैध कब्जे का प्रयास होने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। इन्द्रजीत के अनुसार ग्राम सैदपुर हॉकनस स्थित गाटा संख्या 41, 42, 45 व 46 में वह सहखातेदार है। यह भूमि उन्हें अपने पिता प्यारे लाल की मृत्यु के बाद उत्तराधिकार में प्राप्त हुई है। प्रार्थी का कहना है कि उन्होंने अपनी कुल भूमि में से केवल 66.68 वर्ग मीटर ही पूर्व में बेची है, शेष लगभग 1701.88 वर्ग मीटर भूमि अब भी उनके स्वामित्व में है। इन्द्रजीत का आरोप है कि बहेड़ी से सपा विधायक के भाई वाफार रहमान, अमित शर्मा, धर्मेन्द्र गंगवार और 7–8 अन्य लोग उनकी भूमि पर अवैध निर्माण कर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। इससे पूर्व इस संबंध में थाना इज्जतनगर में शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित एसएसपी से आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अपनी जमीन जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।