अमेरिकी साम्राज्यवाद और डोनाल्ड ट्रंप का किया पुतला दहन
बरेली। विभिन्न जनसंगठनों के कार्यकर्ताओं ने सेठ दामोदर स्वरूप पार्क पर एकत्रित होकर वेनेजुएला पर अमेरिकी साम्राज्यवादियों के हमले का विरोध करते हुए अमेरिकी साम्राज्यवाद और डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन किया। पुतला दहन से पूर्व आयोजित सभा का संचालन करते हुए इंकलाबी मजदूर केंद्र के हरगोविंद ने कहा कि वेनेजुएला पर अमेरिकी साम्राज्यवादियों का हमला गुंडागर्दी के अलावा और कुछ नहीं है। दुनिया भर में लोकतंत्र के ठेकेदार बने अमेरिकी साम्राज्यवादी वेनेजुएला में लोकतांत्रिक सरकार का हमलों के जरिए अपहरण कर रहे हैं। पूरी दुनिया में लोकतंत्र कायम करने का ढोल पीटने वाले अमेरिकी साम्राज्यवादी अपने ही देश में जनता की आवाज कुचल रहे हैं। हम अमेरिकी साम्राज्यवादियों के इस हमले का पुरजोर विरोध करते हैं। परिवर्तनकामी छात्र संगठन के शहर सचिव कैलाश ने कहा कि वेनेजुएला पर अमेरिकी साम्राज्यवादियों का हमला उसके तेल और खनिजों पर कब्जे की कोशिश है। वेनेजुएला पर अमेरिका द्वारा लगाया जा रहा मादक पदार्थों की तस्करी का आरोप दरअसल एक बहाना भर है। इसी तरह के झूठ की आड़ में अमेरिकी साम्राज्यवादी इराक, लीबिया सहित कई मुल्कों में सैन्य हमले कर वहां के प्राकृतिक संसाधनों पर कब्जा कर चुके हैं। अमेरिकी साम्राज्यवादियों के इस हमले की चौतरफा निंदा की जानी चाहिए। ऑटो रिक्शा टेंपो चालक वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्णपाल ने कहा आज दुनिया में अमेरिकी साम्राज्यवादी लोकतंत्र के ठेकेदार बने घूम रहे हैं। लेकिन पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा लोगों की मौत के जिम्मेदार यही अमेरिकी साम्राज्यवादी हैं। अपनी कंपनियों के मुनाफे और प्राकृतिक संसाधनों पर कब्जे के लिए यह पूरी दुनिया में धौंस पट्टी जमाए हुए हैं। जगह- जगह सैन्य अड्डे कायम किए हुए हैं। अमेरिकी साम्राज्यवादियों के इन मनमाने हमलों का सभी को विरोध करना चाहिए। इंकलाबी मजदूर केंद्र के शहर सचिव ध्यान चंद्र मौर्या ने कहा कि दुनिया के चौधरी बने अमेरिकी साम्राज्यवादी और उनका मुखिया डोनाल्ड ट्रंप पूरी दुनिया में मार- काट मचाए हुए हैं। यूक्रेन, फिलिस्तीन सहित अन्य जगहों पर हो रही मौतों के जिम्मेदार अमेरिकी साम्राज्यवादी भी हैं। अपने मुनाफे के लिए इन्हें तबाही मचाने, सरकारों को गिराने से भी परहेज नहीं है। अमेरिकी साम्राज्यवादियों व उनकी खुफिया एजेंसी सी आई ए का इतिहास इस तरह की काली करतूतों से भरा हुआ है। आज यह वेनेजुएला पर मादक पदार्थों की तस्करी के बहाने हमला कर यहां के संसाधनों की लूट की साजिश रच रहे हैं। दरअसल वेनेजुएला में दुनिया का सबसे अच्छा कच्चा तेल, सोना व अन्य खनिज तत्वों की भरमार है। तेल कंपनियों के राष्ट्रीयकरण के बाद से ही वेनेजुएला इनकी आंखों में खटकता रहा है। अमेरिकी साम्राज्यवादियों की इन करतूतों का पूरी दुनिया के मजदूरों को एकजुट होकर विरोध करना चाहिए।
पुतला दहन में हिमांशु, रामसेवक, सतेंद्र कुमार, अरविंद शुक्ला, राजकुमार शर्मा, मनीष, सतेंद्र पाल, मोहित, महिपाल आदि उपस्थित रहे।













































































