बरेली। शहर में एक रेस्टोरेंट में जन्मदिन पार्टी के दौरान बजरंग दल कार्यकर्ताओं द्वारा कथित तौर पर की गई तोड़फोड़ और हंगामे के विरोध में परिवर्तनकामी छात्र संगठन ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने महिलाओं और धार्मिक अल्पसंख्यकों पर बढ़ते हमलों पर चिंता जताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।संगठन के प्रतिनिधि कैलाश ने बताया कि 27 दिसंबर को नर्सिंग की एक छात्रा द्वारा आयोजित जन्मदिन पार्टी में कुछ लोगों ने घुसकर हंगामा किया और मौजूद छात्र-छात्राओं के साथ मारपीट की। पार्टी में दो मुस्लिम छात्रों की मौजूदगी को लेकर कथित रूप से ‘लव जिहाद’ का आरोप लगाकर माहौल खराब किया गया। ज्ञापन में संगठन ने आरोप लगाया कि हाल के दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में ऐसी घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे समाज में भय और असहिष्णुता का वातावरण बन रहा है। उन्होंने उत्तराखंड के देहरादून में एक छात्र के साथ हुई मारपीट की घटना का भी उल्लेख किया। परिवर्तनकामी छात्र संगठन ने मांग की कि छात्राओं, महिलाओं और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन देने बालो में साक्षी , मानवी , गुंजन, अंशिका, निशा, हिमांशु , कैलाश, अंकित, सौरभ , कृष्णपाल, ओमप्रकाश, उमेश आदि मौजूद थे।