पंकज चौधरी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित, बदायूँ भाजपा कार्यालय में जश्न, मिष्ठान बांटा,आतिशबाजी दागी
बदायूँ ।भाजपा कार्यालय पर संगठन पर्व के अंतर्गत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्य के चुनाव को लेकर लखनऊ से आयोजित लाइव प्रसारण कार्यक्रम के माध्यम से जैसे ही भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पद पर पंकज चौधरी के निर्वाचित होने की घोषणा हुई। कार्यालय परिसर में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने तालियाँ बजाकर हर्ष और उल्लास व्यक्त किया।
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की तथा पंकज चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित घोषणा होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पंकज चौधरी का समृद्ध संगठनात्मक अनुभव, सरल स्वभाव एवं कार्यकर्ताओं के प्रति समर्पण भाजपा संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करेगा। उनके नेतृत्व में संगठन बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक और अधिक सशक्त होगा तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य और अधिक प्रभावी ढंग से किया जाएगा।
कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि संगठन पर्व के माध्यम से भाजपा ने अपनी सशक्त लोकतांत्रिक परंपराओं को एक बार फिर सुदृढ़ किया है। सभी कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे पंकज चौधरी के नेतृत्व में पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ संगठनात्मक कार्यों में जुटकर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को प्रचंड एवं ऐतिहासिक विजय दिलाने हेतु पूरी मजबूती के साथ कार्य करेंगे।
इस अवसर पर जिला महामंत्री एमपी सिंह, कार्यालय मंत्री अमित कुमार सिंह, निवर्तमान मंडल अध्यक्ष जितेंद्र साहू सहित डीबी सिंह पटेल, शकुंतला राठौर, रीता वर्मा, प्रेमलता सागर, नीतू मिश्रा, रचना शंखधार, रवि बाबू, सुमित गुप्ता, सौरव साहू, सलीम खान, शेखर साहू, रामनरेश गौतम, हिमांशु सक्सेना, हिमांशु साहू, एजाज खान, दीपक सक्सेना, लव मिश्रा, योगिता रस्तोगी, आरिफ खान, श्याम पाल दिवाकर, संजय उपाध्याय, पंकज शर्मा, नितेश वार्ष्णेय, जिला मीडिया प्रभारी आशीष शाक्य, अनुभव उपाध्याय आदि कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।













































































