शामली में पुलिस मुठभेड़, 50 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर बदमाश समयदीन ढेर
उत्तर प्रदेश के शामली जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना थानाभवन और थाना बाबरी पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार देर रात मुठभेड़ में 50 हजार रुपये के इनामी वांछित हिस्ट्रीशीटर बदमाश समयदीन उर्फ सामा को मार गिराया। बदमाश लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में सक्रिय था।
पुलिस अधीक्षक शामली एनपी सिंह ने बताया कि समयदीन मूल रूप से थाना कांधला क्षेत्र के मोहल्ला रायजादगान का निवासी था और कुछ समय से जनता कॉलोनी ऊरुकेरे, जनपद तुमकुर (कर्नाटक) में छिपकर रह रहा था। वह शामली का कुख्यात अपराधी था, जिसके खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। उसकी गिरफ्तारी पर जनपद स्तर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
एसपी के अनुसार, देर रात पुलिस को सूचना मिली कि समयदीन क्षेत्र में मौजूद है और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर थानाभवन और बाबरी पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें समयदीन घायल हो गया।
घायल बदमाश को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं, जिनमें 9 एमएम की पिस्टल, .32 बोर की पिस्टल, 315 बोर का तमंचा, कई खोखा कारतूस और जिंदा कारतूस शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि समयदीन गैंगस्टर एक्ट सहित कई संगीन मामलों में वांछित था। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और संभावित सहयोगियों की जानकारी जुटाने में लगी है। एसपी ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा। उन्होंने इस मुठभेड़ को पूरी तरह नियमों और आत्मरक्षा के तहत बताते हुए पुलिस टीम की बहादुरी की सराहना की और टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की।













































































