लखनऊ में सहमति संबंध में रह रहे इंजीनियर की प्रेमिका ने गला रेतकर की हत्या
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां सहमति संबंध में रह रहे एक इंजीनियर की उसकी प्रेमिका ने चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। हैरानी की बात यह रही कि आरोपी महिला अपनी दो नाबालिग बेटियों के साथ कई घंटे तक शव के पास ही मौजूद रही और बाद में खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी।
घटना लखनऊ के सलारगंज स्थित शिवम ग्रीन सिटी की है। जानकीपुरम सेक्टर-एच निवासी नरेंद्र सिंह के इकलौते पुत्र सूर्य प्रताप सिंह, जो एवरेडी कंपनी में एक्जीक्यूटिव इंजीनियर थे, बीते चार वर्षों से रत्ना नाम की महिला के साथ उसी मकान में रह रहे थे। रत्ना मूल रूप से हरदोई की निवासी है और उसकी दो नाबालिग बेटियां भी उसी घर में रहती थीं।
पुलिस के अनुसार रविवार रात सूर्य प्रताप और रत्ना के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद भोर करीब पांच बजे रत्ना ने घर में रखे चाकू से सूर्य प्रताप का गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के समय रत्ना की दोनों बेटियां भी घर में मौजूद थीं।
घटना के बाद रत्ना और उसकी बेटियां करीब पांच घंटे तक घर में ही रहीं। न तो उन्होंने भागने की कोशिश की और न ही किसी को इसकी सूचना दी। सुबह करीब 9:45 बजे रत्ना ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर कहा कि उसने ही सूर्य प्रताप की हत्या की है। सूचना मिलते ही बीबीडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह ने बताया कि युवक के पिता नरेंद्र सिंह की तहरीर पर रत्ना के साथ-साथ उसकी दोनों नाबालिग बेटियों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस बेटियों की भूमिका की गहन जांच कर रही है।
मृतक के पिता का आरोप है कि मकान हड़पने की नीयत से रत्ना ने अपनी बेटियों के साथ मिलकर उनके बेटे की हत्या की है। उधर, देवरिया के परसियां भीखम गांव निवासी सूर्य प्रताप की हत्या की सूचना मिलते ही गांव में सन्नाटा पसर गया और परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।













































































