बरेली। नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन को सशक्त बनाने की दिशा में थाना सुभाषनगर के महिला शक्ति केंद्र ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, सुभाषनगर में शिकायत पेटिका स्थापित की। महिला शक्ति केंद्र की प्रभारी एवं उनकी टीम द्वारा विद्यालय पहुंचकर बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और शिकायत निवारण तंत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। टीम ने विद्यालय की छात्राओं को उच्चाधिकारियों के निर्देशों से अवगत कराया तथा उन्हें बिना किसी भय और झिझक के अपनी समस्याएं शिकायत पेटिका में गोपनीय रूप से दर्ज करने के लिए प्रेरित किया। इस पहल से छात्राओं को सुरक्षित माहौल मिलेगा और उनकी शिकायतों का त्वरित निस्तारण भी संभव हो सकेगा। इसी दौरान महिला शक्ति केंद्र की टीम ने विद्यालय स्टाफ व छात्राओं से संवाद कर सुरक्षा उपायों, महिला हित से जुड़ी योजनाओं और पुलिस सहायता उपलब्ध कराने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ भी साझा कीं। महिला शक्ति पुलिस टीम में सहायक पुलिस अधीक्षक / क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय , प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र कुमार, थाना सुभाषनगर, उप निरीक्षक रामकिशोर सिंह, महिला उप निरीक्षक स्वीटी, थाना सुभाषनगर , महिला हेड कांस्टेबल अंशु, थाना सुभाषनगर, हेड कांस्टेबल सुधांशु कुमार मौजूद थे।