बाराबंकी के लोनीकटरा थाना क्षेत्र में सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो मौसेरे भाइयों की मौत हो गई। लखनऊ–सुल्तानपुर हाईवे पर छंदरौली गांव के पास सड़क पार करते समय विपरीत दिशा से आ रही स्कूल बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में छंदरौली गांव निवासी प्रभात वर्मा (22) और लखनऊ जिले के नगराम थाना क्षेत्र के सिंघड़ी पुरवा गांव निवासी दीपक (21) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रभात की हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ के केजीएमयू रेफर किया गया, लेकिन वहां पहुंचते ही उनकी भी मौत हो गई। प्रभात की तीन महीने पहले ही शादी हुई थी, पति की मौत की खबर सुनते ही नवविवाहिता सरोज देवी अचेत हो गई। वहीं दीपक गुजरात के अहमदाबाद में नौकरी करते थे और एक दिसंबर को परिवार के साथ चचेरे भाई की शादी में शामिल होने घर आए थे। हादसे के समय स्कूल बस में कोई बच्चा सवार नहीं था। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।