बदायूं। खाद्य पदार्थों, पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर के मूल्यों में वृद्धि को लेेकर केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन निरंतर जारी है। प्रदेश नेतृत्व के निर्देशों पर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने अलग-अलग पेट्रोल पंपों पर हस्ताक्षर अभियान चलाया। महंगाई को लेकर सरकार के खिलाफ जनता से समर्थन जुटाया गया। उप्र कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी ने ओमकार सिंह के नेतृत्व में बुधवार को हस्ताक्षर अभियान चलाया। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ओमकार सिंह ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार को महंगाई में पिसती जनता की कोई परवाह नहीं है। कोरोना काल में लोगों के कारोबार चौपट हो गए, लोग बेरोजगार हो गए, लेकिन खाद्य पदार्थों की कालाबाजारी से बढ़ती महंगाई को रोकने के लिए सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल काफी सस्ता होने के बावजूद उसे महंगे दामों पर बेचकर सरकार अपनी जेब भरने में लगी है। जिला युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष शफी अहमद ने कहा कि भाजपा सरकार को आम जनता से कोई मतलब नहीं है। जो भाजपाई कभी महंगाई के नाम पर कांग्रेस सरकार का विरोध करते थे, आज वो कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर महंगाई के खिलाफ निरंतर प्रदर्शन किया जाएगा जिला उपाध्यक्ष सोमेंद्र यादव द्वारा बिल्सी, जिला उपाध्यक्ष आतिफ खान द्वारा दातागंज, जिला कोषाध्यक्ष डॉक्टर सुशीला कोरी द्वारा बिसौली, जिला महासचिव रहीम दाद खान द्वारा शेखुपुर, जिला महासचिव बाबू चौधरी द्वारा नवादा, जिला महासचिव चौधरी फहीम अहमद द्वारा सहसवान के विभिन्न पेट्रोल पम्पो पर हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया