बदायूं। आशीषा फाउण्डेशन ने जनपद में गरीबों, जरूरतमंदों को कम कीमत पर भरपेट भोजन देने की शुरूआत कर दी है। इसके अंतर्गत रविवार को वन विभाग मार्ग पर हवनपूजन के साथ इस कार्यक्रम की शुरूआत की गई। आशीषा फाउण्डेशन के अध्यक्ष संजीत मलिक ने बताया कि कोरोना के दौर में लोगों को भूख से बेहाल देखकर उनकी अंर्तआत्मा ने आवाज दी कि जरूरतमंदों को कम से कम भरपेट भोजन तो प्राप्त होता रहे। इसी उद्देश्य से कोरोना काल में भी आशीषा फाउण्डेशन के बैनर से जरूरतमंदों को घर-घर जाकर भोजन का वितरण किया गया। अब इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए हमने वन विभाग मार्ग पर एक काउण्टर खोला है जहां पर 10 रूपये में गरीबों व जरूरतमंदों को भरपेट भोजन की व्यवस्था की गई। भोजन का ये कार्य प्रातः 11 बजे दोपहर 3 बजे रोजाना चलाया जाएगा। मलिक ने बताया कि इस कार्यक्रम के आगाज को जनपद के अनेकों लोगों ने सराहा और अपनी भरपूर मदद देने का वायदा भी किया है। साथ हमारा भी यही स्वप्न है कि आशीषा फाउण्डेशन के होते हुए पैसों को अभाव में कोई व्यक्ति भूखा न रहने पाए।