बिल्सी। गर्मी के साथ ही नगर में मच्छरों का प्रकोप भी लगातार बढ़ता जा रहा है। बड़ी तादाद में मच्छरों के चलते रात में लोगों का सोना भी दूभर हो रहा है। नियमित फॉगिंग नहीं होने के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। मौसम पूरी तरह से गर्म हो गया है। रात में अब हल्का कपड़ा ओढ़कर ही काम चल जाता है। कई बार रात में बिजली चले जाने पर गर्मी होने के कारण खुले में सोना पड़ता है। नगर में अभी तक न तो कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया गया है। इससे मच्छर लगातार बढ़ते जा रहे हैं। नगरवासियों का कहना है कि इस बार मच्छरों का भारी प्रकोप है। छिड़काव व फॉगिंग शुरू में ही कराना चाहिए। लेकिन अभी तक न तो छिड़काव कराया गया है और न ही नियमित फॉगिंग कराई जा रही है। इनसे मच्छर जनित रोगों के फैलने का भी पूरा खतरा बना हुआ है। लोग मच्छरों से बचने के लिए विभिन्न प्रकार के विकल्पों का प्रयोग कर रहे हैं। उन्होने डीएम से शीघ्र नगर में छिड़काव और फॉगिंग कराए जाने की मांग की है।