बदायूं में ईद-उल-अज़हा पूरी अकीदत व एहतराम के साथ मनाया,मुल्क व कौम की तरक्की को दुआ की
बदायूं। जिले भर में पूरी अकीदत, मोहब्बत और एहतराम के साथ ईद-उल-अज़हा (बकरीद) का त्योहार धार्मिक जोशो-ख़रोश के साथ मनाया गया। सुबह से ही ईदगाहों और मसाजिद में नमाज़ अदा करने के लिए मोमिनों का हुजूम उमड़ पड़ा। नमाज़ के बाद एक-दूसरे को गले मिलकर मुबारकबाद दी गई और अमन व सलामती की दुआ की गई। पूर्व मंत्री आबिद रजा ने सभी से गले मिल कर मुबारकबाद दी।ईद की नमाज़ के बाद हज़रत इब्राहीम अ.स. की कुर्बानी की याद में बकरों, बैलों और दीगर जानवरों की कुर्बानी दी गई। इस पाक मौके पर कुर्बानी का गोश्त तीन हिस्सों में तक़सीम किया गया — एक हिस्सा गरीबों और मोहताजों को, दूसरा रिश्तेदारों और अज़ीज़ो-अकारिब को और तीसरा अपने अहल-ए-खानदान के लिए रखा गया।घरों में सीवइयां, sheer khurma और दीगर लज़ीज़ पकवान बनाए गए। बच्चों ने नए कपड़े पहनकर, ईदी पाकर और मिठाइयों से लुत्फ़ उठाकर ईद का खूब लुत्फ़ उठाया।शहर में कौमी यकजहती और मजहबी हमआहंगी की शानदार मिसाल देखने को मिली। कई हिंदू भाई भी अपने मुस्लिम अज़ीज़ों के घर जाकर उन्हें ईद की मुबारकबाद देते नज़र आए। यह नज़ारा गंगा-जमुनी तहज़ीब की झलक दिखाता रहा।इंतेजामिया की जानिब से मुकम्मल सुरक्षा के इंतज़ाम किए गए थे। पुलिस और नगर पालिका की टीमें सफाई और ट्रैफिक को लेकर चाक-चौबंद रही।

समाजसेवियों और तंज़ीमों ने गरीबों में खैरात, राशन और कपड़े तक्सीम किए, जो खिदमत-ए-खल्क़ की एक बेहतरीन मिसाल रही।ज़िला प्रशासन, अवाम के नुमाइंदों और सियासी शख्सियतों ने भी ईद की दिली मुबारकबाद पेश की और अमन, चैन व तरक्क़ी की दुआ की। जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने शनिवार को ईद-उल-अजहा(बकरीद) पर्व पर छोटे सरकार की दरगाह स्थित ईदगाह का दौरा किया और वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात नियंत्रण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कहा कि त्योहार के दिन आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। दोनों अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उन्हें गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल कायम रखते हुए आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बदायूं की साझी संस्कृति हमेशा से ही आपसी सौहार्द की प्रतीक रही है और इस परंपरा को बनाए रखने में सभी का योगदान आवश्यक है। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा अशांति फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। 8 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा0 बृजेश कुमार सिंह द्वारा भारी पुलिस बल के साथ ईद-उल-अजहा के अवसर पर जनपद में ईदगाह/मस्जिदों पर चल रही नमाज को सकुशल संपन्न कराने तथा शांति/सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के दृष्टिगत नगर क्षेत्र की विभिन्न ईदगाह/मस्जिदों पर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। बदायूँ में सभी ईदगाह / मस्जिदों पर नमाज सकुशल संपन्न हुई।













































































