होप यूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन ने पर्यावरण दिवस पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया
बदायूं। जिला गंगा समिति एवं सामाजिक वानिकी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में होप यूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन ने सक्रिय और प्रेरणादायक भागीदारी निभाई। कार्यक्रम का आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र, में हुआ, जहाँ संस्था द्वारा एक सेमिनार और वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लिया गया। इस अवसर पर संस्था के सभी सदस्यों को अनुज प्रताप सिंह, जिला परियोजना अधिकारी, नमामि गंगे, सामाजिक वानिकी प्रभाग बदायूं एवं पीयूष स्रोतिए, अपर सांख्यिकी अधिकारी, सामाजिक वानिकी प्रभाग बदायूं द्वारा तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। संस्था की निदेशक डॉ. कृष्णा कुमारी एवं वरिष्ठ निदेशक राधेश्याम जी ने उपस्थित जनसमूह को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने एवं उनके संरक्षण के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। तत्पश्चात, संस्था के सदस्यों द्वारा वृक्षारोपण किया गया। कछला गंगा घाट पर आयोजित दूसरे चरण के कार्यक्रम में संस्था के सभी सदस्यों ने घाट स्वच्छता अभियान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, गंगा आरती, एवं दीपोत्सव में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत संस्था के सदस्यों ने चित्रकला प्रतियोगिता, नृत्य प्रतियोगिता, एवं रंगोली प्रतियोगिता में भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उल्लेखनीय भागीदारी हेतु होप यूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन को डीएफओ, सामाजिक वानिकी प्रभाग बदायूं एवं नगर पंचायत अध्यक्ष, कछला बदायूं द्वारा मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से संस्था ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, और सांस्कृतिक समरसता का मजबूत संदेश समाज को दिया और यह दिखाया कि सामूहिक प्रयासों से सकारात्मक परिवर्तन संभव है।













































































