उझानी:- कोतवाली क्षेत्र के एक व्यापारी मनोज गोयल ने अपनी दुकान में संचालित बैंक ऑफ बड़ौदा की मिनी शाखा में हुई लाखों की चोरी की घटना को लेकर पुलिस की निष्क्रियता से परेशान होकर मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है। व्यापारी ने शासन को भेजे शिकायती पत्र में लिखा है कि 14 फरवरी 2025 की सुबह 5:15 बजे के करीब घंटाघर मार्केट स्थित उनकी दुकान में अज्ञात चोरों ने 3,56,100 रुपये की चोरी कर ली थी। शाखा धारक का कहना है कि उन्होंने तत्काल उझानी थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने डेरापुर थाना क्षेत्र निवासी कुछ संदिग्धों की जानकारी ली। व्यापारी के पास सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है जिसमें चोरी की पूरी घटना रिकॉर्ड है, बावजूद इसके अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मनोज गोयल ने बताया कि घटना को 100 दिन से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कई बार उच्च अधिकारियों से भी संपर्क किया, लेकिन कोई राहत नहीं मिली। व्यापारी ने आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव का हवाला देते हुए कहा कि उन्हें अपने पैसों की वापसी और आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद अब शासन से ही है।शिकायती पत्र में व्यापारी ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उनकी धनराशि उन्हें वापस दिलाई जाए !