राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित होने पर कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने मोहित शर्मा को सम्मानित कर दी बधाई
बरेली। महात्मा ज्योतिबा फूले रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली के छात्र युवा मोहित शर्मा को सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान हेतु युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा व्यक्तिगत श्रेणी में वर्ष 2022-23 के लिए राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने मोहित शर्मा का स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया। कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने मोहित शर्मा को उनके द्वारा सामाजिक क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को सराहा और निरंतर आगे बढ़ते रहने के लिए उनकी प्रशंसा भी की। इसके साथ ही उन्होंने मोहित को विगत वर्षों से विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने एवं विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने के लिए भी उनकी प्रशंसा की। कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने जनपद,राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपने कार्यों के जरिए अपनी पहचान बनाने हेतु मोहित का प्रोत्साहन किया एवं छात्र होने के साथ-साथ समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन कर उत्कृष्ट योगदान देने के लिए भी उनकी प्रशंसा की। उन्होंने सभी युवाओं एवं छात्रों को मोहित शर्मा की भांति ही समाज के लिए कार्य करने के लिए तत्पर रहने के बारे में भी बताया। कुलपति जी ने मोहित शर्मा के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी।
मोहित शर्मा के भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित होने पर कुलसचिव संजीव कुमार,एनएसएस समन्यवक प्रो. सोमपाल सिंह,शोध निदेशक प्रो. आलोक श्रीवास्तव,इतिहास विभाग संकायाध्यक्ष प्रो. विजय बहादुर सिंह, विभागाध्यक्ष प्रो. श्याम बिहारी लाल,प्रो. तूलिका सक्सेना, प्रो. संतोष अरोड़ा,डॉ पवन कुमार सिंह, डॉ प्रिया सक्सेना, डॉ चरणजीत कौर, डॉ अमित सिंह एवं तपन वर्मा आदि सभी ने उनके बधाई दी।













































































