बरेली। शहर के सुभाष नगर स्थित ईश्वरी भवन में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 23 वर्षीय अंजलि पाल ने अपने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका का सात महीने का मासूम बेटा है, जो अब मां के बिना रह गया है। घटना के समय अंजलि का पति नरेंद्र पाल रेलवे में असिस्टेंट ड्राइवर के पद पर ड्यूटी कर रहा था और ट्रेन लेकर कासगंज जा रहा था। सूचना मिलते ही वह तुरंत वापस लौट आया। जानकारी के अनुसार, अंजलि पाल अपने पति और बच्चे के साथ पिछले साल नवंबर से इस मकान में किराए पर रह रही थी। सोमवार सुबह जब काफी देर तक घर से कोई आवाज नहीं आई, तो आसपास के लोगों को शक हुआ। दरवाजा तोड़कर देखा गया, तो अंजलि का शव अलमारी के कुंडे से चुन्नी के सहारे लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही मकान मालिक अभय कुमार और स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पति नरेंद्र पाल रेलवे में असिस्टेंट ड्राइवर के पद पर कार्यरत हैं और घटना के समय वह ट्रेन लेकर कासगंज जा रहे थे। जब उन्हें इस घटना की सूचना मिली, तो वह रामगंगा पहुंचते ही ट्रेन छोड़कर वापस लौट आए।मृतका का परिवार मूल रूप से पीलीभीत का रहने वाला है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। अब तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।