ईपीएस 95 पेंशनर्स की बड़े आंदोलन की चेतावनी
बरेली । ईपीएस 95 राष्ट्रीय संघर्ष समिति के मंडल अध्यक्ष ओ पी शर्मा ने ईपीएस पेंशनर्स की बैठक को सम्बोधित कर आव्हान किया कि सभी पेंशनर्स अब एक बड़े आंदोलन के लिए तैयार रहें। मंडल अध्यक्ष आज पुराने रोडवेज बस स्टेशन पर आयोजित एक विशाल मंडलीय बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर जिलों से आये यूपी रोडवेज, राष्ट्रीय बीज निगम, सिंचाई विभाग, यूपी एग्रो , चीनी मिल , उप्र एग्रो, वन निगम, खाद्य निगम, निजी स्कूल आदि विभागों सहित निजी कम्पनियों के सैकड़ों पेंशनर्स से कहा कि चूंकि पिछले नौ , दस साल से सरकार पेंशनर्स की पेंशन वृद्धि सहित अन्य मांगे नहीं मान रही है, केवल कोरे आश्वासन ही देती रही है। इस अवधि में हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष कमांडर अशोक राउत के नेतृत्व में सांसद मथुरा हेमामालिनी के माध्यम से अनेकों बार श्रम मंत्री, वित्त मंत्री सहित दो बार प्रधानमंत्री से भी प्रतिनिधि मंडल संगठन की मांगों 1- न्यूनतम पेंशन रुपये 7500/- + डी ए, पति – पत्नी को निशुल्क चिकित्सा सुविधा देने, 3- जो सेवानिवृत्त कर्मचारी पेंशन सुविधा से वंचित हैं, उन्हें रु 5000/- गुजारा भत्ता दिये जाने आदि प्रमुख मांगों लेकर प्रतिनिधि मंडल मिल चुका है सभी ने कोरे आश्वासन देकर हमारे संगठन को छला है और बार बार आश्वासन दिया कि शीघ्र ही ई पी एस 95 पेंशनर्स की मांगों का समाधान किया जायेगा। लेकिन सरकार द्वारा कुछ भी नहीं किया गया , करीब दो सौ पेंशनर्स प्रतिदिन स्वर्ग शिधार रहे हैं। इससे देश के लगभग 78 लाख पेंशनर्स आहत हुए हैं। मंडल सचिव उमेश चंद्र जौहरी ने बताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व आव्हान पर और प्रांतीय अध्यक्ष ओम शंकर तिवारी के निर्देशानुसार 15 मार्च से 24 मार्च तक किसी एक दिन प्रांत , मंडल , जिला एवं तहसील स्तर पर सभाओं का आयोजन कर अपने क्षेत्र के मंत्री , सांसद को ज्ञापन सौंपा जाना है। 17 मार्च से 25 मार्च तक किसी एक दिन प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को ज्ञापन दिया जाना है। और 24 मार्च से 25 मार्च तक किसी एक दिन प्रदेश के सभी ईपीएफओ कार्यालयों में दोपहर 12 बजे से दो घंटे का प्रदर्शन एवं अध्यक्ष, सी बी टी तथा श्रम मंत्री के नाम ज्ञापन दिया जायेगा। गंगा प्रसाद लोधी ने सभी पेंशनर्स से एकजुटता का परिचय देते हुए उपरोक्त कार्यक्रमों को पूर्णतः सफल बनाने की अपील की। बैठक में चिरंजीव गौड़ , आर एस गुप्ता, सुशील सक्सेना, वेचे लाल वर्मा , महेश अग्रवाल, आर के मिश्रा, के एम त्रिपाठी, राकेश गुप्ता, वेद पाल सिंह, अशोक मिश्रा, शिव शंकर राय, ने भी विचार व्यक्त किये। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष ओ पी शर्मा ने की, जबकि सफल संचालन आर एस गुप्ता ने किया।













































































