श्री वैश्य कुमार तनय सभा का होली मिलन एवं भजन संध्या का भव्य आयोजन
बरेली। श्री वैश्य कुमार तनय सभा के सभा भवन में होली मिलन एवं भजन संध्या का आयोजन बड़े हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस रंगारंग कार्यक्रम की शुरुआत सभा के संरक्षक राजेश गुप्ता, अध्यक्ष राकेश गुप्ता, महामंत्री डॉ. आशीष गुप्ता, कोषाध्यक्ष डॉ. आनंद किशोर गुप्ता एवं राजेश गुप्ता (राजू) द्वारा भगवान कार्तिकेय के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर की गई। इस आयोजन में सैकड़ों की संख्या में सजातीय बंधु, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम की भव्यता और अधिक बढ़ गई। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ब्रज से आई भजन मंडली रही, जिन्होंने अपनी सुमधुर भजनों की प्रस्तुति से समां बांध दिया। भजन संध्या के दौरान फूलों की होली का विशेष आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने फूलों की वर्षा के बीच भक्ति भाव से भजनों का आनंद लिया। रंगों और भजनों से सराबोर इस आयोजन में हर किसी ने उल्लास के साथ भाग लिया और होली के पावन पर्व का स्वागत किया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैंट विधायक संजीव अग्रवाल रहे। उन्होंने भजनों का आनंद लेते हुए सजातीय बंधुओं पर पुष्प वर्षा की और उनके साथ फूलों की होली खेली। अपने संबोधन में विधायक ने सभी उपस्थित लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं और कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में भाईचारे और एकता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने श्री वैश्य कुमार तनय सभा द्वारा किए गए इस प्रयास की सराहना की और भविष्य में भी इसी तरह सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन की कामना की। अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि होली का त्योहार सभी को एक सूत्र में पिरोने का काम करता है। यह पर्व हमें आपसी भेदभाव भुलाकर प्रेम और सद्भाव से जीने की सीख देता है। उन्होंने सभी को रंगों के इस पर्व की शुभकामनाएं देते हुए समाज को एकजुट रहने का संदेश दिया। महामंत्री डॉ. आशीष गुप्ता ने कहा कि श्री वैश्य कुमार तनय सभा द्वारा पहली बार इस तरह का होली मिलन समारोह आयोजित किया गया है। इतनी बड़ी संख्या में सजातीय बंधुओं की उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि समाज इस प्रकार के आयोजनों को अपनाने के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा कि आगे भी इसी तरह के आयोजन होते रहेंगे ताकि समाज के लोग आपस में जुड़ सकें
और परंपराओं को जीवंत रखा जा सके। इस आयोजन में श्री वैश्य कुमार तनय सभा के युवा संगठन और महिला सभा का भी विशेष योगदान रहा। युवाओं और महिलाओं ने पूरे आयोजन को सफल बनाने के लिए विशेष प्रयास किए और सभी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संभाला। कार्यक्रम में समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से अध्यक्ष राकेश गुप्ता, संरक्षक राजेश गुप्ता, महामंत्री डॉ. आशीष गुप्ता, कोषाध्यक्ष डॉ. आनंद किशोर सक्सेना, मुख्य भवन प्रबंधक राजेश गुप्ता, तुषार गुप्ता, मोहित गुप्ता, आकाश गुप्ता, गौरव गुप्ता, अक्षय गुप्ता, आशिमा गुप्ता, रीना गुप्ता, सचिन गुप्ता, अरविंद गुप्ता, अनुराग गुप्ता, मनु गुप्ता समेत बड़ी संख्या में समाजसेवी एवं प्रतिष्ठित लोग शामिल रहे। फूलों की होली, भजनों की गूंज और आपसी स्नेह के इस कार्यक्रम ने उपस्थित सभी लोगों के मन को प्रसन्न कर दिया। इस आयोजन ने समाज को एक साथ जोड़ने और होली के पर्व की उमंग को दोगुना करने का कार्य किया। सभा के सभी पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की और भविष्य में भी इसी तरह के आयोजन करने का संकल्प लिया।













































































