बदायूं में होली पर जमकर उड़ा रंग और गुलाल, उल्लास भरे माहौल में मना त्योहार,होली जुलूस निकाला
बदायूं। रंग और गुलाल से एक- दूसरे को सराबोर करने की होड़ और होली के गीतों की मस्ती के साथ रंगों का त्योहार होली शुक्रवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। होली के रंगों से सराबोर होने पर अमीर और गरीब सभी एक जैसे नजर आ रहे थे। जिले में हर तरफ होली की धूम दिखाई दी। बच्चे, बूढ़े, जवान, महिलाएं सभी होली की मस्ती में डूबे नजर आए। होली के इस पावन पर्व पर लोगों ने बैर भाव भुलाकर एक-दूसरे के जमकर रंग लगाया और गले मिले। होली के दिन जात-पात, ऊंच-नीच का भेदभाव खत्म हो गया।

शुक्रवार को पूरे जिले में होली का त्योहार परंपरागत तरीके से मनाया गया। हालांकि होली की उमंग मंगलवार से ही दिखने लगी थी। गुरूवार को होलिका पूजन के बाद से ही लोगों पर होली का रंग चढ़ने लगा था। शुक्रवार सुबह होने पर लोग होली की मस्ती में डूब गए। बच्चों की मस्ती तो रविवार से ही दिखने लगी थी। बुरा न मानों होली है की गूंज हर गली, हर मोहल्ले में गूंजने लगी। शुक्रवार की सुबह मौसम में ठंडक थी, लेकिन यह ठंडक रंग खेलने वाले वाले बच्चों का उत्साह कम नहीं कस सकी। यहीं हाल युवाओं का भी रहा। सुबह आठ बजे के बाद हर कोई होली के मूड में नजर आ रहा था। होली आई रे कन्हाई, रंग बरसे की धुन पर लोगों का जो थिरकना शुरू हुआ तो दोपहर बाद तक जारी रहा। सड़क पर मतवालों की टोलियां घूमती रहीं, वहीं बाइकर्स ने सड़कों पर जमकर हुल्लड़ किया।

शहर में होली का जुलूस निकाला गया। हुरियारे खूब मौज मस्ती करते हुए चल रहे थे। ट्रैक्टर ट्राली,डनलप पर रंग के बड़े बड़े ड्रम भरे रखे हुए थे, हुरियारे राह चलते लोगो को पानी से सराबोर कर रहे,औऱ अबीर गुलाल भी खूब उड़ाते रहे। दोपहर तक होली का हुड़दंग खूब रहा। दोपहर बाद लोग स्नान कर नए कपड़े पहन कर एक दूसरे के घरों को निकल पड़े। सभी ने एक दूसरे से गले मिल कर होली की शुभकामनाएं दी। पुलिस फोर्स भी चप्पे चप्पे पर तैनात रहा। डीएम एसएसपी भी निगरानी करते रहे। जिले भर में होली का त्यौहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया।













































































