शाहजहांपुर। निगोही थाना क्षेत्र के ग्राम घाटबोझ निवासी लीलावती (55) पत्नी ननकू रविवार सुबह लगभग नौ बजे घर के बाहर आग सेंक रही थी। इसी बीच वह किसी काम से पास ही स्थित नहर रोड पर गईं। जहां सांडों का एक झुंड पहले से मौजूद था। महिला को देखकर एक सांड ने उन पर हमला कर दिया और कई बार उठाकर पटका। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला की चीख सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह से सांड को मौके से भगा कर महिला को छुड़ाया। घायल हालत में ग्रामीण महिला को लेकर सीएचसी पहुंचे। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में छुट्टा पशुओं का झुंड काफी समय से रहता है, लेकिन अब तक किसी पर हमला नहीं किया था। हालांकि पशुओं से टकरा कर काफी लोग हादसों का शिकार हो चुके हैं। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत है। छुट्टा पशुओं को देखकर वह डर रहे हैं। अकेले खेत पर जाने से परहेज कर रहे हैं। कुछ ग्रामीण लाठी-डंडा लेकर खेत पर जा रहे हैं। गांव में तमाम छुट्टा पशु घूम रहे हैं। दूसरी ओर किसी भी अधिकारी ने सांड़ को पकड़वाने की जहमत नहीं उठाई है। सांड अब भी गांव के आसपास खुलेआम घूम रहा है।