गाजियाबाद में CM योगी का रोड शो शुरू, भगवा रथ में सवार मुख्यमंत्री; जय श्रीराम के लगे नारे
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को गाजियाबाद पहुंचे। भगवा रंग के रथ में सवार होकर सीएम योगी रोड शो कर रहे हैं। सीएम का रथ एसपीजी सुरक्षा घेरे में है। रोड शो के चलते ट्रैफिक रूट डायवर्जन प्लान दोपहर 12 बजे से ही लागू हो गया। ऐसे में अगर इसे देखे बिना लोग निकले तो रास्ते में फंस सकते हैं। कई मार्ग पर वाहनों का आवागमन रोड शो समाप्त होने तक प्रतिबंधित किया गया है।सीएम का रोड शो चाणक्य चौक से डीएवी चौराहे तक 1200 मीटर में होगा। भाजपा ने 100 स्थानों पर स्वागत की व्यवस्था की है। इसके लिए सड़क किनारे मंच लगाए गए हैं। पुलिस की ओर से सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। रोड शो के पूरे रूट पर एक हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।इनका आवागमन मोहननगर से मेरठ तिराहा की ओर पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। ये वाहन मोहननगर से डाबर होते हुए यूपी गेट के रास्ते एनएच-9 से अपने गंतव्य को जाएंगे। एएलटी चौराहा से आगे मेरठ तिराहा एवं राजनगर एक्सटेंशन की ओर भी आवागमन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। वाहन एएलटी चौराहा (हापुड़ चुंगी) से आत्माराम स्टील के रास्ते एनएच-9 का प्रयोग कर अपने गंतव्य को जाएंगे। इसी तरह साजन मोड़ से चौधरी मोड़ की ओर पूर्ण रूप प्रतिबंधित रहेगा। एनएच-9 का प्रयोग कर सकेंगे। विजयनगर टी-प्वाइंट एनएच- 9 से विजयनगर की ओर और जल निगम टी-प्वाइंट से मेरठ तिराहा की ओर प्रतिबंधित रहेगा। चौधरी मोड़ से धोबीघाट आरओबी के रास्ते विजयनगर की ओर आवागमन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। ये वाहन आरओबी से उतरकर सिग्नल कारखाना होकर विजयनगर बाईपास की ओर जा सकेंगे। वाहनों का आवागमन सेन चौक से रेलवे स्टेशन एवं डीएवी चौराहा प्रताप विहार की ओर व संतोष मेडिकल तिराहे से सेन चौक की ओर आवागमन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।













































































