मदर एथीना स्कूल में ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के साथ-साथ टॉपर्स को किया सम्मानित
बदायूं।मदर एथीना स्कूल में अमृत महोत्सव के तत्वाधान में आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के अंतर्गत सांसद डॉ0 संघमित्रा मौर्या द्वारा विद्यार्थियों को देश और राष्ट्रध्वज के सम्मान में अपने-अपने कर्तव्यों एवं देशभक्ति के बारे में वृहद उद्बोधन दिया गया। साथ ही विद्यालय में कक्षा-10 एवं 12 की बोर्ड परीक्षा में 95 प्रतिशत एवं उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शील्ड, मेडल एवं प्रशस्त्रि-पत्र कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सांसद डॉ0 सघंमित्रा मौर्या द्वारा प्रदान किये गये। जिसमें कक्षा-12 में स्पर्श रस्तोगी, अनंत शंखधार एवं देव राठी के अलावा कक्षा-10 में समृद्धि गुप्ता, अनंत कुमार, अंशिका, अज़ान, रिषभ, कात्यायनी, श्रेष्ठता, अनुभा, आदित्य एवं कुशाग्र को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर इन सभी विद्यार्थियों के अभिभावक भी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि एवं निदेशिका चयनिका सारस्वत ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को विद्यार्थियों की सफलता पर बधाई देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसी के साथ विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने हर घर तिरंगा के अंतर्गत हाथों में भारतीय राष्ट्रीय ध्वज लहराते हुए भारत की जयघोष के नारे लगाकर अपनी देशभक्ति का परिचय दिया। कार्यक्रम का संचालन जेनिफर मैसी द्वारा किया गया एवं संपूर्ण कार्यक्रम विशाल गुप्ता के दिशा-निर्देशन में संपन्न किया गया।

विद्यालय की निदेशिका चयनिका सारस्वत ने बताया कि राष्ट्रप्रेम प्रत्येक नागरिक के लिए उसके जीवन का एक महत्वपूर्ण भाग है जो उसकी मातृभूमि के प्रति उसकी निष्ठा को व्यक्त करता है। अतः ऐसे अवसरों पर हमें अपनी देशभक्ति का परिचय बढ़-चढ़कर देना चाहिए। साथ ही विद्यार्थियों को जीवन में अपनी सामर्थ्य एवं ऊर्जा से भी आगे बढ़कर अपनी सफलता प्राप्त करने के लिए प्रयासरत रहने में ऐसे सम्मान प्रदान करने वाले कार्यक्रमों का आयोजन करना भी आवश्यक है ताकि विद्यार्थी अपने जीवन में और अधिक अभिप्रेरित हो सके।














































































