सहसवान। नौ दिन पूर्व घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकले युवक का पता नहीं लग सका है। युवक के पिता ने पुलिस को सूचना दी है लेकिन अभी गुमशुदगी दर्ज नहीं हो सकी थी। कोतवाली क्षेत्र के गांव बडेरिया निवासी सत्यवीर ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसका पुत्र धीरेन्द्र आईटीआई कर रहा है। तीन सितंबर की सुबह करीब 11 बजे वह आईटीआई जाने की बात कह कर घर से गया था। तब से अब तक स्वजन उसकी तलाश कर रहे हैं लेकिन कोई पता नहीं चल सका है। खोजबीन के बाद पुलिस को सूचना दी है। अनहोनी की आशंका से सत्यवीर और उसके परिवार का रो रो कर बुरा हाल है। उसने बताया वह दिल्ली में मजदूरी करता है। उसका पुत्र घर से आईटीआई जाने की बात कहकर निकला था और अपनी मां से दो सौ रुपये भी ले गया था। काफी खोजबीन के बाद पता न लगने पर सत्यवीर दिल्ली से अपने घर पहुंचा और पुलिस को तहरीर दी। युवक अपने पांच भाई बहनों में सबसे बड़ा है।