लखनऊ। गंगा समग्र की बरेली, लखनऊ एवं अयोध्या संभाग की राष्ट्रीय योजना बैठक लखनऊ में आयोजित हुई। बैठक में संगठन की नई संभागीय संरचना, कार्यकर्ताओं के दायित्व, नदी संरक्षण, जनजागरण, वृक्षारोपण तथा संगठन विस्तार की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरेन्द्र सिंह (लल्लू बाबू) की संस्तुति के बाद तीनों संभागों के दायित्वों की घोषणा की गई। इसी क्रम में बरेली संभाग की नवीन कार्यकारिणी घोषित की गई। बैठक का शुभारंभ राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरेन्द्र सिंह, राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री अवधेश गुप्ता, राष्ट्रीय मंत्री पवन चौहान, राष्ट्रीय सदस्य सीमा चौहान एवं रविशरण सिंह चौहान तथा संगठन मंत्री लाल सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। मंच संचालन डॉ. रवि शरण सिंह चौहान ने किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरेन्द्र सिंह ने नवीन दायित्व प्राप्त कार्यकर्ताओं को आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन देते हुए कहा कि जिस संगठन में काम करें, उसे अपना सौभाग्य समझें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भ्रम और नकारात्मकता से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी व्यक्ति में पांच ऐब और 25 गुण हों तो हमारा ध्यान उसके गुणों पर होना चाहिए। संगठन का उद्देश्य कमियों को दूर कर गुणों को बढ़ाना है, क्योंकि नकारात्मकता सनातन को कमजोर करने वाली है। उन्होंने कहा कि गंगा और उसकी सहायक नदियां एक शरीर के समान हैं। सहायक नदियां कमजोर होंगी तो गंगा का पूरा परिवार कमजोर होगा। नदी प्रदूषण के मामलों में प्रमाणों के साथ न्यायपालिका तक पहुंचना होगा। सहारनपुर की हिंडन नदी के प्रदूषण का उदाहरण देते हुए उन्होंने इसके गंभीर दुष्परिणामों पर चिंता जताई। कहा कि उद्योग बंद करना समाधान नहीं, बल्कि औद्योगिक प्रदूषित पानी को नदियों में जाने से रोकना जरूरी है। उन्होंने प्रत्येक जिले में एक नदी को चुनकर उसके संरक्षण के लिए अभियान चलाने, जिलाधिकारी को पत्र लिखने, वर्षा जल और नाले के पानी को अलग रखने तथा बच्चों को स्कूल-कॉलेजों में जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। शादी-विवाह जैसे आयोजनों में चंदन और रुद्राक्ष के पौधे उपहार में देने तथा प्रकृति के नियमों से छेड़छाड़ न करने पर भी जोर दिया।
राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री अवधेश गुप्ता ने कहा कि नई संभाग व्यवस्था की शुरुआत हो चुकी है। जिला एवं संभागीय कार्यकारिणियों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के साथ सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं का चयन किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ऐसा हो, जिसकी सामाजिक कार्यों में रुचि हो, समाज के लिए समय हो और गंगा संरक्षण के प्रति लगाव हो। आरती को औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और जागरण का माध्यम बनाया जाए। पौधरोपण के साथ पौधों की सुरक्षा और नदी यात्राओं के साथ गांवों में नदी संरक्षण इकाइयों का गठन भी जरूरी है। राष्ट्रीय मंत्री पवन चौहान ने संगठन विस्तार को गंगा समग्र की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए संभाग, जिला, ब्लॉक और ग्राम स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि योजना बैठक का उद्देश्य केवल पदों की घोषणा नहीं, बल्कि कार्ययोजना तैयार करना, जिम्मेदारियों का वितरण और नियमित समीक्षा करना है।
बरेली एवं मुरादाबाद मंडल को सम्मिलित करते हुए बरेली संभाग की नवीन कार्यकारिणी में अशोक तोमर सिंह को संयोजक तथा अखिलेश कुमार सिंह को सह संयोजक नियुक्त किया गया। भाग संयोजकों में रामगंगा भाग से ब्रजपाल, गंगा भाग से मैथली शरण गुप्त तथा गोमती भाग से शैलेन्द्र सिंह को जिम्मेदारी दी गई। आयाम प्रमुखों में आरती आयाम के लिए हरेंद्र उपाध्याय, पर्व आयाम के लिए ब्रजपाल सिंह, वृक्षारोपण आयाम के लिए रघुवीर, सहायक नदी आयाम के लिए ओम प्रकाश, गंगा आश्रित आयाम के लिए अम्बरीश महाराज, प्रचार आयाम के लिए ज्ञानेन्द्र सिंह, शिक्षण आयाम के लिए अर्चना चौहान, विधि आयाम के लिए करुणा शंकर तथा गंगा सेविका आयाम के लिए पूनम सिंह को दायित्व सौंपा गया। बैठक का समापन संगठन को मजबूत बनाने, कार्यक्रमों को सार्थक रूप देने तथा गंगा, सहायक नदियों, तालाबों और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।


























































































