बदायूं। जन दृष्टि (व्यवस्था सुधार मिशन) के प्रेरणा पुंज, महान शिक्षक स्व. संतपाल सिंह राठौड़ की 81वीं जयंती के अवसर पर 11वें संतपाल सिंह राठौड़ स्मृति राष्ट्रीय सम्मान समारोह-2026 का आयोजन प्रभा शंकर मेमोरियल स्काउट भवन में किया गया। समारोह विकसित भारत को समर्पित रहा, जिसमें देश के 28 राज्यों से आए 175 उत्कृष्ट शिक्षकों तथा 27 समाजसेवियों एवं विशिष्ट कार्यकर्ताओं को विभिन्न सम्मान प्रदान कर विभूषित किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि युवा कल्याण एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के उप निदेशक डॉ. दिनेश यादव ने स्व. संतपाल सिंह राठौड़ के चित्र पर पुष्पार्चन, दीप प्रज्वलन एवं फीता काटकर किया। इसके बाद राष्ट्र राग ‘रघुपति राघव राजाराम’ तथा ध्येय गीत का सामूहिक गायन हुआ। संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर वंदे मातरम् के साथ समारोह का विधिवत शुभारंभ किया गया।
समारोह में 28 राज्यों से आए 175 उत्कृष्ट शिक्षकों को 11वां संतपाल सिंह राठौड़ स्मृति राष्ट्रीय उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान-2026 प्रदान किया गया। वहीं 27 महानुभावों को उल्लेखनीय योगदान के लिए संतपाल सिंह राठौड़ स्मृति प्रकृति प्रहरी अलंकरण, नारी शक्ति अलंकरण, समाजसेवी सम्मान एवं भारतीय हिंदी सेवी सम्मान से सम्मानित किया गया। सभी सम्मानित व्यक्तियों को सम्मान पत्र, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। इस दौरान कई साहित्यकारों एवं शिक्षकों की पुस्तकों का विमोचन भी हुआ।
मुख्य अतिथि डॉ. दिनेश यादव ने कहा कि आज बदायूं में पूरे भारत के दर्शन हो रहे हैं। उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान करना सराहनीय पहल है। आयोजन से जुड़े सभी पदाधिकारी प्रशंसा के पात्र हैं। सम्मानित शिक्षक विकसित भारत के निर्माण में नई ऊर्जा के साथ योगदान दें। शिक्षक, साहित्यकार और सामाजिक कार्यकर्ता भारत को विश्व गुरु बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। देश को संतपाल सिंह राठौड़ जैसे महान शिक्षकों की आवश्यकता है।
स्काउट-गाइड उत्तर प्रदेश के प्रादेशिक उपाध्यक्ष एवं मुख्य आयुक्त महेश चंद्र सक्सेना ने कहा कि शिक्षक देश और समाज में सर्वाधिक आदर एवं सम्मान का पात्र होता है। शिक्षक राष्ट्र निर्माता हैं और उनके सम्मान से युवा शिक्षकों को प्रेरणा मिलेगी। संस्कारवान नागरिकों के निर्माण तथा भारत को विकसित बनाने में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
गुजरात से आए शिक्षा सागर फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. शैलेश भाई प्रजापति ने कहा कि संतपाल सिंह राठौड़ आदर्श शिक्षक रहे हैं। उनकी स्मृति में आयोजित समारोह प्रतिष्ठा प्राप्त करने के साथ व्यापक स्वरूप ले चुका है। उत्कृष्ट कार्यों की सराहना एवं प्रोत्साहन से सामाजिक परिवर्तन की दिशा में सकारात्मक परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
समारोह की अध्यक्षता प्रसिद्ध शिक्षाविद राम बहादुर पांडेय ने की। मुख्य वक्ता राजकीय महाविद्यालय बदायूं के राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार जायसवाल रहे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. शैलेश भाई प्रजापति गुजरात, प्रेम सखी कुमारी बिहार, राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त शिक्षक जय गोविंद सिंह एवं कृपाल सिंह शामिल रहे।
जन दृष्टि व्यवस्था सुधार मिशन के संस्थापक अध्यक्ष एवं कार्यक्रम के मुख्य संयोजक हरि प्रताप सिंह राठौड़ एडवोकेट ने संगठन के कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षकों को देश में विशिष्ट नागरिक का दर्जा दिलाने, स्नातक तक निशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने तथा संविधान के अनुच्छेद 21-क एवं निशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम-2009 को पूरी तरह क्रियाशील बनाने के लिए देशव्यापी वैचारिक अभियान चलाया जा रहा है।
इससे पूर्व स्व. संतपाल सिंह राठौड़ की 81वीं जयंती पर उनके पैतृक गांव नवीगंज स्थित स्मृति स्थल पर परिजनों एवं ग्रामवासियों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उनके अनुयायियों, संगठन के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं देशभर के शिक्षकों ने उनकी स्मृति में पौधरोपण कर पौधों के संरक्षण का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में संरक्षक एमएल गुप्ता, धनपाल सिंह बाबा, मार्गदर्शक राजेंद्र सिंह तोमर, आचार्य प्रताप सिंह, अंजलि अग्रवाल, मधु प्रिया चव्हाण, राजवीर सिंह, मनीष कुमार, भवेश प्रताप सिंह राठौड़, हरि प्रकाश सिंह, शैलेंद्र कुमार सिंह, रामगोपाल, अखिलेश सिंह चौहान, नेत्रपाल, राजीव भारद्वाज, सुशील कुमार सिंह, राकेश सिंह, रवि कुमार, शोभारानी, लक्ष्मीकांत स्वामी, टेकराम जनार्दन, सुनील राठौर, राम मेहर जांगड़ा, किशनलाल कहर, संतोषी डनसेना, सुमनलता, अरविंद कुमार सिंह, वरुण प्रताप सिंह, डॉ. संजीव कुमार, डॉ. उमाकांत, राजेश कुमार, अरुण कुमार यादव, प्रवीण कुमार, जितेंद्र प्रताप, तरुण कुमार, रजिया खान, शोभना अग्रवाल, सीमा रजा, कुंवरसेन, राजन यादव, डॉ. दीपक कुमार भोला, मेलिना चौहान, डॉ. राकेश कुशवाह, अमित शर्मा, ब्रजपाल सिंह गंगवार, डॉ. विकास मिश्रा, विनीत सोलंकी, प्रशांत जैन, रामदीन सागर, शिव कुमार सिंह, डॉ. ज्ञानेंद्र जिज्ञासु, डॉ. सत्या सिंह, अरुणा राजपूत, हिरदेश चंद्र माथुर, योगेश माहेश्वरी, रमाकांत तिवारी, सुशांत सक्सेना, मनोज माहेश्वरी, विनीत कुमार सिंह, नरेंद्र प्रताप पाठक, वागेश कुमार, रजनी सक्सेना, नीलम रानी, संजीव शर्मा एवं नंदराम शाक्य सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व समाजसेवी उपस्थित रहे।
देशभर से बड़ी संख्या में लोग फेसबुक, यूट्यूब एवं अन्य सोशल मीडिया माध्यमों से भी समारोह से जुड़े। केंद्रीय कार्यालय प्रभारी रामगोपाल ने सभी का आभार व्यक्त किया। समारोह का संचालन छत्तीसगढ़ से आई शिक्षिका डॉ. गायत्री मिश्रा एवं प्रभाकर सक्सेना ने संयुक्त रूप से किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।


























































































