बदायूँ। जहाँ एक तरफ पूरे प्रदेश में जनगणना 2027 के तहत ‘स्वगणना’ का दौर चल रहा है, वहीं बदायूँ में गुरुजनों और तहसील प्रशासन के बीच ‘गणित और गिनती’ का ऐसा पेंच फँसा है कि मामला सीधे अपर जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला जनगणना अधिकारी के दरबार तक जा पहुँचा है।
शिक्षकों के प्रतिनिधि मंडल ने आज उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष एवं प्रांतीय प्रचार मंत्री संजीव शर्मा के नेतृत्व में जिला अपर अधिकारी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार से वार्ता कर ज्ञापन सौपा। जिसमें प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि 16 नवंबर से 30 तक चलने वाली स्वगणना का काम नागरिकों को स्वयं करना है। लेकिन तहसील स्तर पर कुछ अधिकारियों द्वारा गुरुजनों पर दबाव ऐसा है मानो ‘स्वगणना’ का दायित्व भी शिक्षकों को पूरा करना है।
अपर जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि जनपद में कई तहसीलों में शिक्षकों को यह अल्टीमेटम तक दिया जा रहा है कि “जब तक 10, 20 या 35 परिवारों का काम पूरा नहीं होगा, तब तक शिक्षक तहसील परिसर से बाहर नहीं जाएँगे”। जिससे जनपद के शिक्षक आहत है एवं शिक्षकों ने इसे सीधा अपमान और मानसिक पीड़ा करार दिया है।
उधर बिसौली में करीब 119 शिक्षकों को कार्रवाई के नोटिस थमाए जाने और बिल्सी में भी कार्रवाई प्रस्तावित करने के नोटिस जारी होने की बात कही गई। वहीं दातागंज तहसील में अभद्र भाषा के प्रयोग का भी आरोप लगाया
शिक्षक प्रतिनिधि मंडल ने शिक्षकों की व्यथा रखते हुए कहां कि एक शिक्षक से विविध प्रकार के कार्य एक ही समय में विविध गैर-शैक्षणिक कार्य कराया जा रहे हैं, जहां एक और जनगणना समय पर करने का दबाव है वही बी0एल0 ओ0 ड्यूटी और इन सबके बीच विद्यालय संचालन, ‘निपुण’ लक्ष्य पाना, मध्याह्न भोजन योजना का संचालन देखना और बच्चों को विभागीय निर्देशों के क्रम में पाठ्यक्रम पूर्ण कराना समेत तमाम कार्य करने को शिक्षक मजबूर है
संजीव शर्मा ने कहा कि यह सब अब ‘दिवास्वप्न’ जैसा हो गया है!
ऊपर से ड्यूटी काटकर दूर-दराज़ के इलाकों में लगाने से तनाव, भय और आक्रोश का माहौल बनाया जा रहा है।
उन्होंने अपर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी को स्पष्ट किया कि वे अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दें कि शिक्षकों के सम्मान की रक्षा करते हुए सौहार्दपूर्ण माहौल में कार्य कराएँ।
यदि स्वगणना का कार्य तत्काल ज़रूरी है, तो पहले शिक्षकों को विद्यालयों से मुक्त करने के लिए शिक्षा विभाग को आदेशित किया जाए।
उन्होंने कहा कि यदि शिक्षकों के साथ अपमानजनक व्यवहार या उनका मानसिक शोषण जारी रहा, तो मजबूरन परिवार के सम्मान की रक्षा के लिए संगठन को कठोर कदम उठाने पड़ेंगे, जिसका पूर्ण उत्तरदायित्व तहसील प्रशासन का होगा।
जनगणना 2027 में ‘स्वगणना’ पर गुरुजी और प्रशासन आमने-सामने

6.2K views

























































































