लखनऊ। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की लखनऊ एंटी करप्शन ब्रांच ने बिहार में तैनात रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज (ROC) रमेश कुमार को तीन लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मंगलवार देर शाम लखनऊ के वृंदावन कॉलोनी इलाके में हुई इस कार्रवाई से सरकारी महकमों में खलबली मच गई। आरोपी अधिकारी पर एक कंपनी संचालक से 10 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। सीबीआई ने शिकायत के आधार पर जाल बिछाया और रिश्वत की पहली किस्त के रूप में तीन लाख रुपये लेते ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, पूरा मामला बिहार के डालमियानगर स्थित रोहतास शुगर मिल्स फैक्टरी से स्क्रैप उठाने के ठेके से जुड़ा है। दिसंबर 2025 में इस फैक्टरी से स्क्रैप उठाने का टेंडर ‘रिद्धि सिद्धि’ नाम की फर्म को मिला था। यह फर्म लखनऊ निवासी अंकुर शर्मा की पत्नी शिवांगी शर्मा के नाम पर संचालित बताई गई है। आरोप है कि फर्म ने टेंडर मिलने के बाद स्क्रैप उठाने का काम शुरू कर दिया था और कुछ सामग्री भी उठा ली थी, लेकिन इसी बीच काम रुकवा दिया गया।
शिकायतकर्ता अंकुर शर्मा का आरोप है कि रमेश कुमार ने करीब एक सप्ताह पहले लखनऊ में उनसे मुलाकात कर शेष स्क्रैप उठाने का काम जारी रखने के एवज में 10 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। इतना ही नहीं, कथित तौर पर रकम नहीं देने पर टेंडर निरस्त करने, सिक्योरिटी डिपॉजिट जब्त करने और ठेका किसी दूसरी कंपनी को आवंटित करने की धमकी भी दी गई थी।
बताया जाता है कि परेशान होकर अंकुर शर्मा ने 22 नवंबर को सीबीआई की लखनऊ एंटी करप्शन ब्रांच में लिखित शिकायत की। एजेंसी ने शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया और आरोपों की पुष्टि होने के बाद ट्रैप की योजना तैयार की। इसके बाद शिकायतकर्ता को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में तीन लाख रुपये लेकर अधिकारी के पास भेजा गया। जैसे ही रमेश कुमार ने कथित तौर पर रकम स्वीकार की, पहले से मुस्तैद सीबीआई टीम ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
लखनऊ और रायबरेली में भी छापेमारी
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने रमेश कुमार से जुड़े लखनऊ की वृंदावन कॉलोनी और रायबरेली स्थित ठिकानों पर भी तलाशी अभियान चलाया। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, तलाशी के दौरान नकदी और कई संदिग्ध दस्तावेज मिलने की सूचना है। हालांकि, बरामद नकदी की कुल रकम का आधिकारिक विवरण सामने नहीं आया है। जांच एजेंसी इन दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।
कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहे थे अधिकारी
रमेश कुमार पटना में रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज के पद पर तैनात थे। इसके अलावा वह बिहार में ऑफिशियल लिक्विडेटर और निर्णायक प्राधिकारी की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। सीबीआई ने उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। बुधवार को उन्हें लखनऊ स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किए जाने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि कथित रिश्वतखोरी के इस मामले में कहीं अन्य लोगों या अधिकारियों की भी भूमिका तो नहीं है।


























































































