बदायूं। यातायात माह नवंबर के तहत RTM Society for Social Development की ओर से उत्तर प्रदेश ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से बहेड़ी तिराहे पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान एवं हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान को चेयरमैन सैदपुर इशरत अली खान का विशेष सहयोग मिला। कार्यक्रम में एसडीएम बिसौली प्रियंका गोयल की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान आमजन को हेलमेट वितरित कर यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।
मुख्य अतिथि इशरत अली खान ने सैदपुर एवं बदायूं के लोगों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें और यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही किसी परिवार के लिए जिंदगीभर का दुख बन सकती है। सुरक्षित यात्रा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में ट्रैफिक इंस्पेक्टर अश्विनी कुमार ने लोगों को हेलमेट वितरित किए। उन्होंने हेलमेट पहनकर ही दोपहिया वाहन चलाने, कार में सीट बेल्ट लगाने, यातायात संकेतों का पालन करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी। ट्रैफिक पुलिस के इंस्पेक्टर मनोज वर्मा एवं नासिर भी मौजूद रहे।
अभियान को सफल बनाने में RTM Society के सदस्य एवं सैदपुर कोऑर्डिनेटर आजम हुसैन का विशेष योगदान रहा। उनके स्थानीय स्तर पर किए गए प्रयासों से अभियान को मजबूती मिली। संस्था ने उनके सक्रिय सहयोग की सराहना की।
RTM Society की डायरेक्टर रिदा खान ने बताया कि संस्था सड़क सुरक्षा के लिए लगातार जमीनी स्तर पर जागरूकता अभियान चला रही है। जनपद बदायूं में अब तक 600 हेलमेट वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य सिर्फ हेलमेट बांटना नहीं, बल्कि लोगों की सोच में बदलाव लाना और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करना है। उन्होंने भावुक संदेश देते हुए कहा कि जब कोई व्यक्ति घर से निकलता है तो पूरा परिवार उसके सुरक्षित लौटने की प्रतीक्षा करता है। एक हेलमेट किसी मां की उम्मीद, बच्चों का भविष्य और परिवार की खुशियां बचा सकता है।
कार्यक्रम में डॉ. लुबना रहमान, मुशीर अली, एडवोकेट अज़हरुद्दीन, अबीर खान, आजम हुसैन, जुगनू, गुड्डा पहलवान, अंश पटेल एवं जीशान सहित संस्था के अन्य सदस्य मौजूद रहे। संस्था ने सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए शैलेन्द्र चेतल (जीएम सेल्स) और प्रणव अग्रवाल (ब्रांच हेड, बदायूं) के प्रति आभार व्यक्त किया।
RTM Society ने लोगों से अपील की कि मंजिल तक पहुंचने से ज्यादा जरूरी सुरक्षित पहुंचना है। इसलिए हेलमेट पहनें, यातायात नियमों का पालन करें और अपने साथ-साथ अपने परिवार की खुशियों की भी रक्षा करें।


























































































