बदायूं। रुहेलखंड के प्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में सोमवार को आस्था, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। गंगा तट पर बसे तंबुओं के शहर में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने फीता काटकर मेले का विधिवत एवं भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर हेलीकॉप्टर से मेला परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की गई। आसमान से बरसते फूलों के बीच मां गंगा के जयकारों से पूरा मेला परिसर गूंज उठा। पुष्पवर्षा का नजारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।उद्घाटन समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष एवं मेला प्रशासक वर्षा यादव, भाजपा विधायक महेश चंद्र गुप्ता, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य, भाजपा उपाध्यक्ष शारदेन्दु पाठक, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव सहित भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। मेले का आयोजन जिला पंचायत बदायूं की ओर से किया जाता है। जिला पंचायत द्वारा कई दिनों से मेले की तैयारियां कराई जा रही थीं। झंडी पूजन के साथ 17 नवंबर को मेले की धार्मिक परंपराओं का शुभारंभ हो चुका था, जबकि सोमवार को केंद्रीय राज्यमंत्री ने औपचारिक उद्घाटन कर मेले की भव्यता को नया आयाम दिया।
केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा मेले हमारी सांस्कृतिक व धार्मिक पहचान है। इस मेले को भविष्य में औऱ बेहतर किया जाएगा। श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा नही होने दी जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता : वर्षा यादव
जिला पंचायत अध्यक्ष एवं मेला प्रशासक वर्षा यादव ने मेले की व्यवस्थाओं को लेकर कहा कि मेला ककोड़ा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। जिला पंचायत की ओर से पेयजल, प्रकाश, सफाई, आवागमन और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं कराई गई हैं। उनका कहना है कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं। झंडी पूजन के दौरान भी उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही थी। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मां गंगा के दर्शन और स्नान का पुण्य लाभ लेने की अपील की है।
मुख्य स्नान से पहले गंगा की उपधारा में बढ़ा जलस्तर
इस बार मेले की तैयारियों के बीच गंगा की उपधारा में कम जलस्तर श्रद्धालुओं और संतों के लिए चिंता का विषय बना हुआ था। शुरुआती दिनों में पानी कम होने के कारण मुख्य स्नान को लेकर सवाल उठ रहे थे। हालांकि सोमवार को गंगा की उपधारा का जलस्तर बढ़कर करीब तीन से चार फुट पहुंचने की सूचना से प्रशासन और श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली। गंगा तट पर स्नान, पूजा-अर्चना, मुंडन संस्कार और धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला लगातार जारी है। दूर-दराज के जनपदों से परिवारों के साथ कल्पवासी और श्रद्धालु मेले में पहुंच रहे हैं।
कल कार्तिक पूर्णिमा पर होगा मुख्य स्नान
मंगलवार 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मेला ककोड़ा में मुख्य गंगा स्नान होगा। इस पावन अवसर पर बदायूं के अलावा बरेली, कासगंज, संभल, पीलीभीत सहित आसपास के जनपदों से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मुख्य स्नान को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। मेला क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती के साथ निगरानी के लिए सीसीटीवी और अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तीन प्रमुख घाटों पर महिलाओं के कपड़े बदलने के लिए चेंजिंग रूम बनवाए गए हैं। मेला अस्पताल में चिकित्सकों की टीम और दवाओं की व्यवस्था भी शुरू कर दी गई है।
25 नवंबर तक भारी वाहनों का रूट डायवर्जन
मुख्य स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने ककोड़ा मेला और कछला गंगा घाट के लिए विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। 23 नवंबर सुबह आठ बजे से 25 नवंबर रात आठ बजे तक भारी वाहनों के आवागमन पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। रोडवेज बसों का संचालन भी शुरू कर दिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।रुहेलखंड के इस ऐतिहासिक मिनी कुंभ मेले में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों की भी विशेष रौनक है। गंगा तट पर दूर-दूर तक तंबुओं की नगरी, साधु-संतों के शिविर, कल्पवासियों के डेरे, मीना बाजार और विभिन्न धार्मिक शिविर मेले की भव्यता बढ़ा रहे हैं। एक दिसंबर तक चलने वाले इस मेले में अगले कई दिनों तक श्रद्धालुओं की आवाजाही और धार्मिक आयोजनों का सिलसिला जारी रहेगा।


























































































