सहसवान। करीब एक सप्ताह तक शांत रही गंगा का जलस्तर एक बार फिर बढना शुरू हो गया है। हालांकि अभी किसी गांव के पास तक पानी नहीं पहुंचा है और न हीं जलभराव की स्थिति उत्पन्न हुई है लेकिन करीब एक पखवाड़े तक बाढ से परेशान रहे तटवर्ती गांवों के लोगों को फिर बाढ की आशंका सताने लगी है। शुक्रवार को नरौरा बैराज का डिस्चार्ज बढ कर 56 हजार 762 क्यूसेक हो गया। इससे कछला में मीटर गेज बढ कर 162.05 मीटर पर पहुंच गया। बिजनौर से 51 हजार 48 क्यूसेक और हरिद्धार से 98 हजार 567 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है जो शनिवार तक यहां आ जाएगा। इससे अभी दो तीन दिन जलस्तर में उतार चढ़ाव की स्थिति बनी रह सकती है। यदि पहाडों पर और बारिश होती है तो बाढ का खतरा उत्पन्न हो सकता है। इधर, बाढ खंड द्वारा गंगा महावा बांध और तटबंधों की मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। बाढ खंड के मुताबिक अभी खतरे जैसे कोई हालात नहीं हैं।