बदायूं। महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत जनपद में संचालित दोनों विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरणों का शुक्रवार को जिला निरीक्षण समिति ने औचक निरीक्षण किया। अपर जिलाधिकारी प्रशासन मानवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में समिति ने महिला अस्पताल परिसर स्थित राजकीय विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण और मोहल्ला नेकपुर की गली संख्या एक में दलित ग्रामीण विकास संस्थान द्वारा संचालित दत्तक ग्रहण केंद्र का जायजा लिया। इस दौरान शासन एवं भारत सरकार के निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया और जियो टैगिंग फोटोग्राफ के साथ स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अनाथ एवं विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के खानपान, स्वास्थ्य, देखभाल, सुरक्षा और आवासीय व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। राजकीय विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण के प्रबंधक एवं समन्वयक ने बताया कि केंद्र में वर्तमान में तीन बच्चे रह रहे हैं। इनमें से एक बच्चा दत्तक ग्रहण पूर्व पालन-पोषण (प्री-एडॉप्शन फॉस्टर केयर) में है। सभी बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा चुका है और उनका स्वास्थ्य सामान्य है। बच्चों से संबंधित कानूनी प्रक्रिया भी जारी है।
वहीं दलित ग्रामीण विकास संस्थान के सचिव अनूप सक्सेना ने बताया कि संस्था के दत्तक ग्रहण केंद्र में विशेष आवश्यकता वाले दो बच्चे निवासरत हैं। दोनों बच्चों को दत्तक ग्रहण के लिए आरक्षित किया जा चुका है और आगे की प्रक्रिया चल रही है। उनका स्वास्थ्य भी सामान्य पाया गया।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन मानवेन्द्र सिंह ने दोनों केंद्रों के संचालकों को बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के दृष्टिगत सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा बच्चों के आवासीय कक्ष, शौचालय, स्नानगृह और रसोईघर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था रखी जाए। केंद्रों में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति का विवरण पंजिका में दर्ज किया जाए। साथ ही बच्चों और कर्मचारियों की उपस्थिति बायोमैट्रिक डिवाइस के माध्यम से दर्ज कराई जाए।
उन्होंने दोनों संस्थाओं को संबंधित अभिलेख सुव्यवस्थित रखने और शासनादेश में निर्धारित सभी मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। जिला प्रोबेशन अधिकारी को भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने को कहा। निरीक्षण के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी अभय कुमार, पुलिस उपनिरीक्षक इन्द्रपाल सिंह, क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. सर्वेश कुमारी, डॉ. निरंजन सिंह, बाल कल्याण समिति सदस्य सविता मालपाणी, संस्थागत संरक्षण अधिकारी प्रीति कौशल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


























































































