बदायूँ: जिला कृषि अधिकारी मनोज रावत ने जनपद में उर्वरकों की उपलब्धता के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में यूरिया 48212 मीट्रिक टन, डीएपी 11378 मीट्रिक टन तथा एनपीके 13791 मीट्रिक टन उपलब्ध है। उन्होंने जनपद के समस्त किसानों से अपील की है कि गेहूं की बुवाई से पूर्व बीज एवं मृदा उपचार की वैज्ञानिक विधियों को अपनाकर स्वस्थ फसल एवं बेहतर उत्पादन प्राप्त करने की दिशा में प्रयास करें।
जिला कृषि अधिकारी ने जनपद के समस्त किसानों को सलाह दी है कि रबी सीजन में गेहूं की अच्छी पैदावार प्राप्त करने, फसल को बीज एवं मृदाजनित रोगों से बचाने तथा पौधों की जड़ों के समुचित विकास के लिए गेहूं की बुवाई से पूर्व बीज एवं मृदा उपचार अवश्य करें। बीज को बुवाई से पूर्व अनुशंसित फफूंदनाशक से उपचारित करना चाहिए। जैविक विधि से बीज उपचार के लिए ट्राइकोडर्मा कल्चर का प्रयोग 05 ग्राम प्रति किलोग्राम बीज की दर से किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त पीएसबी (फॉस्फेट सॉल्यूबिलाइजिंग बैक्टीरिया) कल्चर से भी 05 ग्राम प्रति किलोग्राम बीज की दर से उपचार किया जा सकता है। रासायनिक विधि से कार्बेन्डाजिम 02 ग्राम प्रति किलोग्राम बीज की दर से बीज उपचार किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि मृदा उपचार के लिए ट्राइकोडर्मा 01 किलोग्राम प्रति एकड़ एवं पीएसबी कल्चर 02 किलोग्राम प्रति एकड़ की दर से अच्छी सड़ी हुई गोबर की खाद में मिलाकर खेत में प्रयोग करें। इससे मृदा की जैविक सक्रियता एवं पोषक तत्वों की उपलब्धता बढ़ाने में सहायता मिलती है। उक्त निवेश जनपद के राजकीय कृषि बीज भंडारों से अनुदान पर प्राप्त किए जा सकते हैं।
जिला कृषि अधिकारी ने किसानों को सलाह दी कि रासायनिक फफूंदनाशक एवं जैविक कल्चर को एक साथ मिलाकर प्रयोग न करें। ट्राइकोडर्मा का प्रयोग हमेशा शाम के समय करें तथा खेत में बिखेरने के तुरंत बाद जुताई कराकर मिट्टी में अच्छी तरह मिला दें। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग द्वारा सब्सिडी एट सोर्स की अवधारणा के अंतर्गत रबी फसलों के बीज अनुदान पर जनपद के राजकीय कृषि बीज भंडारों पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके लिए किसान कृषि विभाग में पंजीकृत होकर ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से बीज की बुकिंग कर सकते हैं। बुकिंग के उपरांत टोकन ऑटो कन्फर्म अथवा लॉटरी के माध्यम से कन्फर्म होने पर संबंधित किसान को पॉस मशीन के माध्यम से अनुदानित दर पर बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे किसानों को बीज क्रय के समय ही अनुदान का लाभ प्राप्त हो रहा है। पोर्टल पर बुकिंग के बाद प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को टोकन कन्फर्म किए जाते हैं।
वैज्ञानिक विधियों को अपनाकर किसान पाएं अधिक उत्पादन

6.1K views

























































































